इंदौर के राजेंद्र नगर इलाके में सोमवार शाम एक निजी टैंकर ने साइकिल सवार चौकीदार को पीछे से टक्कर मार दी। चौकीदार घर से किराने का सामान लेने निकला था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। राजेंद्र नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। शिव सिटी के गेट के पास एक निजी टैंकर ने बी सिलिकॉन सिटी निवासी शंकर (35) पिता संघजी राठौर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर को जब्त कर लिया। जानकारी के मुताबिक, शंकर चौकीदारी के साथ मजदूरी भी करता था। अमावस्या होने के कारण सोमवार को उसकी छुट्टी थी। पत्नी ललिता ने उसे किराने का सामान लाने के लिए 500 रुपए दिए थे। इसके बाद वह साइकिल लेकर घर से निकला था। शंकर के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। परिवार मूल रूप से महाराष्ट्र के नंदूरबार का रहने वाला है। काम के सिलसिले में वे तीन साल पहले इंदौर आए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
