सतना में सोमवार शाम भाजपा जिला कार्यालय के घेराव के दौरान पुलिस द्वारा किए गए वाटर कैनन के इस्तेमाल में युवा कांग्रेस अध्यक्ष वरुण गुर्जर का पैर टूट गया। प्रदर्शन के दौरान वे बैरिकेड फांदने की कोशिश कर रहे थे। राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के विरोध में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। देखें तस्वीरें… भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन राजनीतिक दबाव में निरस्त किया गया है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “पेपर लीक सरकार होश में आओ”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” जैसे नारे लगाए। भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। मौके पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन चलाया जब कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे धकेला। इसी दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पैर टूट गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने और युवाओं के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और युवाओं के भविष्य के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए भरहुत नगर क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा।
