इंदौर में सोमवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान शहर अध्यक्ष अमित पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि यह मामला लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। संवैधानिक संस्थाएं दबाव में कर रही काम युवा कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपकर चुनाव आयोग और अन्य सरकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाएं दबाव में काम कर रही हैं, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है। पुलिस ने पुतला दहन करने से रोका प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला दहन का प्रयास भी किया गया, लेकिन पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर पुतला जलाने नहीं दिया। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका कार्यक्रम शांतिपूर्ण प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने तक सीमित था। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो इस मुद्दे को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
