पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मुंबई के लोक भवन में बैठक शुरू हो गई है। इस बातचीत का मकसद भारत और फ्रांस के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाना है। भारत और फ्रांस के बीच आज करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये की बड़ी रक्षा डील हो सकती है। कीमत के हिसाब से यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य डील मानी जा रही है। इस समझौते के तहत भारत को 114 राफेल फाइटर जेट मिलेंगे। इसके अलावा मीटिंग में रक्षा, समुद्री सहयोग, इंडो-पैसिफिक रणनीति, उभरती तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों नेता मिलकर शाम 5:15 बजे ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ की शुरुआत भी करेंगे। इसके अलावा वे दोनों देशों के उद्योगपतियों, स्टार्ट-अप्स, शोधकर्ताओं और इनोवेशन से जुड़े लोगों को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद चौथी बार भारत पहुंचे मैक्रों राष्ट्रपति बनने के बाद मैक्रों का यह चौथा भारत दौरा है। इससे पहले वे मार्च 2018 में पहली बार भारत आए थे। इसके बाद वे सितंबर 2023 में G20 समिट के लिए और जनवरी 2024 में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनकर आए थे। भारत और फ्रांस के बीच 1998 से रणनीतिक साझेदारी है और दोनों देश रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में साथ काम करते हैं। यह दौरा भी इसी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे से जुड़े बड़े अपडेट पढ़ने के लिए नीचे दिए ब्लॉग से गुजर जाइये…
