इंदौर के पंढरीनाथ इलाके में गुरुवार रात एक कलेक्शन एजेंट से करीब 30 लाख रुपए की लूट हो गई। एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम देते हुए पैसों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में बर्तन व्यापारियों का कलेक्शन रखा हुआ था। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दोनों आरोपी एजेंट से बैग छीनते हुए साफ नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक घटना निहालपुरा क्षेत्र की है, जहां रात करीब साढ़े आठ बजे मुकेश अग्रवाल नामक कलेक्शन एजेंट बर्तन बाजार और मोहनपुरा क्षेत्र के व्यापारियों से वसूली कर लौट रहा था। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने उसे रोका, धमकाया और हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। डीसीपी बोले- बदमाशों की गिरफ्तारी में जुटी टीमें वारदात के बाद मुकेश रात करीब 9 बजे पंढरीनाथ थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी भी थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के अनुसार मामले की जांच के लिए तीन थानों की पुलिस को लगाया गया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अब बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
