मध्य प्रदेश में दो अलग-अलग हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। टीकमगढ़ में तालाब में डूबने से 3 बच्चों की जान चली गई। खंडवा के ओंकारेश्वर में नहर में नहाने के दौरान 3 युवक डूब गए। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। टीकमगढ़ में मृत बच्चों की पहचान प्रिंस अहिरवार (12), दीपेश अहिरवार (13) और राज अहिरवार (13) के रूप में हुई है। वहीं, ओंकारेश्वर में मृतकों की पहचान सीधी निवासी सुनील साहू (20), गोपालगंज (बिहार) निवासी अनिकेत यादव (25) और भगवानदास साहू (20) के रूप में हुई है। टीकमगढ़ में नहाते समय 3 बच्चे डूबे कोतवाली थाना क्षेत्र के अस्तोन गांव में गुरुवार को तीन नाबालिग दोस्तों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तीनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। उनके साथ गया चौथा बच्चा बच निकला और गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। चौकी प्रभारी भूपेंद्र अहिरवार के मुताबिक, तीनों कंचनपुरा मोहल्ले के निवासी थे। गुरुवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच चारों बच्चे खेलते हुए सिद्ध सागर तालाब में नहाने गए थे। उनके साथ देव, पिता गजेंद्र अहिरवार (12), भी था। नहाते समय तीनों बच्चे तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गए। किनारों पर पानी कम था, लेकिन मिट्टी की खुदाई से 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे बन गए थे। आशंका है कि वे इन्हीं गड्ढों में चले गए और डूब गए। ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकाला सूचना मिलते ही ग्रामीण तालाब पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। तीनों साधारण परिवारों से थे। उनके पिता मजदूरी और खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गहरे गड्ढों में जाने से गई तीनों की जान अस्तोन चौकी प्रभारी भूपेंद्र अहिरवार ने बताया कि तालाब में पानी कम था, लेकिन कुछ जगह गहरे गड्ढे थे। इनमें चले जाने से तीनों बच्चों की डूबने से मौत हुई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। खंडवा के ओंकारेश्वर में 3 युवक डूबे, तीनों की मौत ओंकारेश्वर के कोठी हेलीपैड क्षेत्र की नहर में नहाने के दौरान तीन मजदूरों की डूबने से मौत हो गई। तीनों युवक ओंकारेश्वर-मोरटक्का निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत थे। पुलिस और बचाव दल ने तीनों के शव बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, निर्माण कंपनी के डंपर चालक रामचरण (53), निवासी खेरदा, जिला खरगोन ने सूचना दी कि उनके साथी सुनील साहू, भगवानदास साहू और अनिकेत यादव 10 जून की शाम कोठी नहर में नहाने गए थे, लेकिन वापस श्रमिक कैंप नहीं लौटे। अगले दिन तीनों का पता नहीं चलने पर सहकर्मियों ने तलाश शुरू की। नहर किनारे उनके कपड़े और अन्य सामान मिले, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। तीनों युवकों के शव बरामद सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल ने नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। सुनील साहू (20), निवासी सीधी, और अनिकेत यादव (करीब 25), निवासी गोपालगंज (बिहार), के शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर मिले। तीसरे युवक भगवानदास साहू (20) का शव घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर नहर से बरामद किया गया। मांधाता थाना पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर नहाने के दौरान डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
