Homeमध्यप्रदेशफौजी के घर 55 लाख की चोरी का 'भैंस' कनेक्शन:बेटी के लिए...

फौजी के घर 55 लाख की चोरी का ‘भैंस’ कनेक्शन:बेटी के लिए रिश्ता देखने आए थे, उन्हें ही चोर मान लिया, 17 दिन बाद खुला राज

मुरैना जिले के नंदपुरा गांव में एक रिटायर्ड फौजी के घर से 55 लाख रुपए की चोरी हो गई। मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि चोरी का मास्टर माइंड कोई और नहीं, बल्कि फौजी का जिगरी दोस्त निकला। उसने सिर्फ एक लाख रुपए की भैंस खरीदने के लालच में एक शातिर इनामी गिरोह से दोस्त के घर की मुखबिरी कर दी। देवगढ़ थाना पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता (दोस्त) सहित गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी का पूरा माल भी मिल गया है। एक लाख की भैंस खरीदने के लिए दोस्त के घर चोरी कराने के इस मामले को समझने के लिए दैनिक भास्कर टीम ने जांच अधिकारी और पीड़ित परिवार से बातचीत की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… मेहमान नवाजी के बीच मचा हड़कंप, लड़की वालों पर गया शक रिटायर्ड फौजी विष्णु सिकरवार के बेटे (जो खुद सेना में हैं) के लिए 22 मई को भिंड से लड़की वाले रिश्ता लेकर आए थे। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर में मेहमान नवाजी और बातचीत का दौर चला। मेहमानों के जाने के करीब एक घंटे बाद जब फौजी विष्णु सिकरवार अंदर गए तो उन्हें अपनी लाइसेंसी बंदूक गायब मिली। जब पूरे घर की तलाशी ली गई तो उनके होश उड़ गए। घर में मायके आई उनकी दो विवाहित बेटियों के गहने, बक्से और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद गायब थे। छत पर जाने पर पीछे के खेत में टूटे हुए सूटकेस पड़े मिले। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से गांव में यह अफवाह फैल गई कि लड़की वालों ने परिवार को सम्मोहित कर चोरी की है। पुलिस जांच में खुला राज, दिन में नहीं, रात में हुई थी चोरी मामले की जांच कर रहे एसपी धर्मराज मीणा को मुखबिर से सूचना मिली कि इस वारदात के पीछे 32 हजार रुपए के इनामी बदमाश रामस्वरूप उर्फ स्वरूपा गुर्जर का हाथ हो सकता है। पुलिस ने जब स्वरूपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी कहानी ही बदल गई। पता चला कि चोरी 22 मई को दिन में नहीं, बल्कि 21 मई की रात को ही हो चुकी थी। परिवार के लोग रात में कूलर चलाकर सो रहे थे, तभी चोर खेतों के रास्ते छत से होते हुए घर में घुसे और माल समेटकर फरार हो गए। दिन में तो सिर्फ उसका पता चला था, जिसके कारण लड़की वालों पर गलत शक गया। जन्मदिन की पार्टी में रची गई वारदात की साजिश पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस पूरी कहानी का असली सूत्रधार फौजी का दोस्त रामप्रकाश उर्फ रम्पा सिकरवार था। कुछ दिन पहले इनामी बदमाश स्वरूपा के बेटे के जन्मदिन की पार्टी थी। वहां रम्पा ने कहा कि उसे भैंस खरीदने के लिए 1 लाख रुपए की जरूरत है। शातिर चोर स्वरूपा ने रम्पा के सामने प्रस्ताव रखा कि अगर वह किसी बड़े घर की सटीक जानकारी (टिप) देगा तो उसे 1 लाख रुपए मिलेंगे। लालच में आकर रम्पा ने अपने ही फौजी दोस्त के घर का पूरा राज खोल दिया कि उसकी दोनों बेटियां गहनों के साथ मायके आई हुई हैं। 6 आरोपी गिरफ्तार, बंदूक और गहने बरामद पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 4 विशेष टीमें बनाईं और मुखबिर रम्पा सिकरवार सहित गिरोह के 6 सदस्यों (राहुल गुर्जर, प्रदीप गुर्जर, देशराज गुर्जर, जसरथ गुर्जर) को धरदबोचा। गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के सारे आभूषण, चोरी गई लाइसेंसी बंदूक, 25 कारतूस और रम्पा को भैंस खरीदने के लिए मिले 1 लाख रुपए नकद सहित कुल 55 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया है। पकड़े जाने से बचने के लिए इस गिरोह के ज्यादातर सदस्य आपस में रिश्तेदार ही थे। यह खबर भी पढ़ें 5 चोरों से सोने-चांदी के जेवर, 315 बोर बंदूक मिली: मुरैना में आरोपियों पर 55 लाख का समान मिला; फौजी के घर की थी चोरी देवगढ़ थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव में रिटायर्ड फौजी के घर हुई 55 लाख रुपए की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के जेवर, 315 बोर की लाइसेंसी बंदूक, 25 कारतूस समेत घटना में इस्तेमाल की गई कार और हथियार बरामद किए हैं। पढ़ें पूरी खबर

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here