छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले में गर्लफ्रेंड से मिलने गए एक नाबालिग युवक का शव मिला है। 29 जनवरी को उद्रेश वर्मा (17) अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ई मेला देखने गया था। वहां से अपनी गर्लफ्रेंड को कॉल कर रात 11 बजे जमनीडीह गांव पहुंचा। उसके बाद से लापता था। दोस्तों ने तलाश की। कहीं नहीं मिला तो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। 14 दिन बाद 12 फरवरी को जमनीडीह गांव के जंगल में उसका शव मिला। परिजनों और दोस्तों ने हत्या का आरोप लगाया है। मामला भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है। दोस्तों ने पुलिस को एक ऑडियो सौंपा है, जिसमें आखिरी बार नाबालिग ने डरे सहमे आवाज में भटकने की बात कही थी और लोकेशन भेजने कहा था। अब जानिए पूरा मामला महासमुंद जिले के जमनीडीह गांव के जंगल में 12 फरवरी को नाबालिग का शव मिला। पुलिस ने जब इसकी जांच शुरू की तो पता चला कि यह शव बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा के रहने वाले उद्रेश वर्मा (17) की है। जांच में पता चला कि नाबालिग पिछले 29 जनवरी से लापता था। उसके दोस्त ने भंवरपुर चौकी में 30 जनवरी को नाबालिग के गुमशदुगी की शिकायत की थी। पूछताछ में पता चला कि उद्रेश 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत जमदरहा के आश्रित गांव जमनीडीह में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की इच्छा जताई। दोस्तों के मना करने के बावजूद रात करीब 11 बजे वह जमनीडीह गांव पहुंचा। उद्रेश ने दोस्त के मोबाइल से गर्लफ्रेंड को कॉल किया और उससे मिलने चला गया। इसके बाद दोस्तों ने उसे बहुत खोजा पर वह मिला नहीं। दोस्त ने की थी उद्रेश के लापता होने की शिकायत 30 जनवरी को दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में उद्रेश के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद उद्रेश का दोस्त से लिया गया मोबाइल गांव के पास पुलिस को मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली, लेकिन डॉग लड़की के घर के आसपास जाकर भी कोई सुराग नहीं दे पाया। पुलिस तकनीकी सहायता और तलाशी अभियान में जुटी रही। 12 फरवरी दोपहर करीब 2 बजे तलाशी दल को युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव मिला। शव के कुछ हिस्से जानवरों ने खा लिए थे। पूरे मामले में जांच जारी है। वायरल ऑडियो में क्या था जानिए पुलिस के मुताबिक, वायरल ऑडियो में दोस्तों और उद्रेश वर्मा (17) के बीच बातचीत है। जिसमें उद्रेश धीरे डरे सहमें आवाज में लोकेशन भेजने कह रहा। दोस्तों ने पूछा कहां हो तो नाबालिग बोला मैं वहां से भाग रहा हूं। दोस्तों ने पूछा कहा हो, तब नाबालिग बोला यहां छोटा सा रास्ता है। आगे उसने दोस्तों से कहा कि इधर मत आओ। मैं अपना लोकेशन भेजता हूं। हालांकि इस वायरल ऑडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता है। गर्लफ्रेंड और उसके परिवार से पूछताछ कर रही पुलिस पुलिस उद्रेश की गर्लफ्रेंड और उसके परिवार से पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि उद्रेश और उसके गर्लफ्रेंड के बीच सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी। दोनों एक दूसरे से फोन पर भी बात किया करते थे। वहीं, नाबालिग की लाश मिलने के बाद गुस्साए परिजनों ने भंवरपुर चौकी का घेराव किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों को शक है कि उद्रेश की हत्या की गई है और उसके शव को जंगल में फेंक दिया गया। परिजनों ने क्या कहा जानिए मामा कुलेश्वर वर्मा ने कहा, वो बचपन से छिरा गांव रहा है और वहीं पढ़ाई-लिखाई किया। चार लड़कों के साथ पहुंचा। इसके बाद लड़की के बुलाने पर वो उससे मिलने गया था। लड़की को गिरफ्तार करना चाहिए। हमें इंसाफ चाहिए। चाची सोनिया वर्मा ने कहा, 29 जनवरी को वो घर से निकला था। फिर 30 जनवरी को उसके दोस्त लोग ढूंढते हुए घर आए थे। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की शिकायत की गई। इसके बाद 15 दिन में हमारा बच्चा नहीं मिला। उसका जूता और मोबाइल मिल गया। लेकिन 15 दिन बाद हमें बच्चे की डेड बॉडी मिली। जो भी अपराधी हो उसके खिलाफ जल्दी से जल्दी कार्रवाई हो। ……………………… क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें गोद में लाश, हाथ में सिगरेट और गुनगुनाता रहा गाना:एंकर सलमा सुल्ताना मर्डर-केस में चश्मदीद ने खोले राज, कहा- पहले पीटा, फिर घोंटा गला सलमा सुल्ताना हत्याकांड 21 अक्टूबर 2018…गोद में शव…हाथ में सिगरेट…और होंठों पर वही गीत, जो कभी सलमा सुल्ताना का पसंदीदा था- “तुझसे नाराज नहीं जिंदगी, हैरान हूं मैं…”। कोरबा के विशेष सत्र न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान चश्मदीद गवाह डिंपल सिंह (काल्पनिक नाम) ने जो बयान दिया, उसने पूरे कोर्ट रूम को सन्न कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…
