जबलपुर में बुधवार देर रात गोहलपुर थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक को घर के पास घेरा और गले व हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। जबलपुर में यह तीन दिन में दूसरी हत्या है। इससे पहले संजीवनी नगर में हुई युवक की हत्या के आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। पुलिस के मुताबिक समता कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय भावेश वीरानी देर रात घर के पास घूम रहा था। तभी बाइक पर सवार होकर अरुण, आयुष और शिव वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते तीनों आरोपियों ने भावेश पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गले और हाथ पर गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रीतेश पांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाजे के लिए उसे 108 की मदद से मेडिकल कालेज भिजवाया, जहां अधिक खून बहने के कारण डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई धनंजय वीरानी ने बताया कि करीब छह महीने पहले भावेश का अरुण और उसके साथियों से विवाद हुआ था। उस दौरान मारपीट भी हुई थी। उसी रंजिश का बदला लेने के लिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। सीएसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के समय मौजूद लोगों ने भी आरोपियों की पहचान की है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। हत्या की सूचना मिलते ही सीएसपी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से शहर में खौफ का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
