भोपाल के गौतम नगर इलाके में हिंदू युवती के साथ होटल में मिले मुस्लिम युवक से मारपीट और धार्मिक टिप्पणी के मामले ने मंगलवार को बड़ा तनाव खड़ा कर दिया। वायरल वीडियो के विरोध में मुस्लिम समाज के हजारों लोग ताजुल मस्जिद, पीरगेट और इमामीगेट क्षेत्र में एकत्र हो गए। रात एक बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पुराने शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक 9 मई को गौतम नगर स्थित एक होटल में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को पकड़ लिया था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया तथा उसे अर्धनग्न अवस्था में पुलिस के हवाले किया गया। इस दौरान धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पुलिस कमिश्नर से मिलकर गिरफ्तारी की मांग की घटना के विरोध में मंगलवार दोपहर मुस्लिम समाज के लोग ताजुल मस्जिद के बाहर एकत्र हुए। इसके बाद शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी, विधायक आरिफ मसूद और विधायक अतीक अकील ने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह से मुलाकात कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस कार्रवाई धीमी होने का आरोप, बल प्रयोग किया रात करीब 8:30 बजे एक बार फिर हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई धीमी है। उन्होंने आरोपियों पर एनएसए लगाने, गिरफ्तारी के बाद जुलूस निकालने और बुल्डोजर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद किए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस पर पथराव किया, वाहन के कांच टूटे मोती मस्जिद क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की भी सूचना है। पथराव में थाना तलैया का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पूरे घटनाक्रम के बाद पुराने शहर के कई संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। लिव-इन में रह रही युवती इधर, पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और वह उसके खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। युवती ने यह भी कहा कि उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई है। उसने बताया कि दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे क्योंकि जहां वह रह रही है वहां बाहरी लोगों के आने की अनुमति नहीं है। शाहजहांनाबाद संभाग के एसीपी अनिल वाजपेयी के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। लोगों को घर भेज दिया गया है और पुराने शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। दो आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि विगत दिनों धर्म विशेष पर टीका टिप्पणी करने वाले एवं धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध थाना गोविंदपुरा में धारा 299 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में टीम गठित कर 2 लोगों को अभिरक्षा में लिया गया है। वीडियो फुटेज व साक्षियों के कथनों के आधार पर आरोपियों (रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति, जीतू कुशवाह, रंजीत सूर्यवंशी, लाला राम मीणा) को चिन्हित कर लिया गया है। प्रकरण में धारा 191(2),3(5) BNS का इजाफा किया गया, जिनके विरुद्ध कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है। उसमें एक नाबालिग है, जिसको cwc के सामने प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह के लिए भेजा जाएगा। हिंदू उत्सव समिति ने कहा-भोपाल का माहौल खराब न करें
हिंदू उत्सव समिति व संस्कृति बचाओ मंच भी आगे आया है। अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा, कई बार शहर काजी से मांग कर चुके थे कि लव जिहाद की घटनाओं को अंजाम दे रहे युवकों को समझाने के लिए आप अपना वक्तव्य दें, लेकिन शहर काजी का कभी भी लव जिहाद के खिलाफ में वक्तव्य नहीं आया। अगर पहले वक्तव्य आ जाता तो शायद यह लव जिहाद को अंजाम दे रहे युवा कुछ सुधार जाते और इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देना बंद कर देते। तिवारी ने कहा कि भोपाल का माहौल खराब करने का कार्य न किया जाए।
