उज्जैन में सोमवार को गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाए। करीब 16 दिन बाद अधिकतम तापमान दोबारा 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे दिनभर लोग भीषण गर्मी से परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले 25 अप्रैल को 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, 6 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री था, लेकिन महज पांच दिनों में पारा 4 डिग्री बढ़ गया। तेज गर्मी के कारण दोपहर में शहर की कई सड़कें सूनी नजर आईं। जरूरी काम से बाहर निकले लोग गर्मी से बचाव करते दिखाई दिए। कोई सिर पर कपड़ा बांधकर निकला, तो कई लोग शीतल पेय का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह गर्मी इसी तरह लोगों को परेशान करती रहेगी।
