शिलॉन्ग में हुए चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में कानूनी हलचल तेज हो गई हैं। सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के बाद अब उसके कथित प्रेमी और सह आरोपी राज कुशवाह की जमानत याचिका पर लंबी बहस हुई। मंगलवार को शिलॉन्ग की जिला एवं सत्र अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि एक-दो दिनों में कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है। सरकारी वकील केशव गौतम ने बताया कि राज के साथ ही अन्य तीन आरोपी विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत की याचिका पर भी सुनवाई पूरी हो गई है। एक-दो दिन में कॉपी मिलने की उम्मीद राज के वकील योबिन ने बताया कि एक से दो दिन में आदेश की कॉपी हमें मिल जाएगी। राज के वकील ने कोर्ट में तर्क दिया है कि इस मामले की मुख्य आरोपी सोनम को पहले ही जमानत मिल चुकी है। ऐसे में ‘पैरिटी’ (समानता) के नियम के तहत राज को भी जेल में रखना उचित नहीं है। जब मास्टरमाइंड मानी जा रही आरोपी को राहत मिल गई है, तो सह-आरोपी को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। सोनम को मिली जमानत से परिवार में आक्रोश कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को पुलिस की जांच प्रक्रिया में रही तकनीकी खामियों के आधार पर जमानत दे दी थी। सोनम जेल से बाहर आ गई, जिसके बाद मृतक राजा रघुवंशी के परिजनों ने गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। राजा की मां उमा रघुवंशी ने इसे न्याय के साथ खिलवाड़ बताते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि साजिश के मुख्य किरदार ही बाहर आ जाएंगे तो गवाहों को खतरा हो सकता है। अब सबकी नजरें फैसले पर सोनम की रिहाई के बाद अब राज की जमानत पर आने वाला फैसला इस केस की दिशा तय करेगा। यदि राज को भी जमानत मिलती है तो राजा के परिजन हाई कोर्ट में अपील करने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल, शिलॉन्ग कोर्ट के सुरक्षित रखे गए आदेश पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। ये खबर भी देखें… राजा मर्डर- सोनम बोली- मर्डर प्लान राज ने बनाया इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी मर्डर केस की आरोपी उसकी पत्नी सोनम और कथित प्रेमी राज कुशवाह के बीच पुलिस शिकंजे में आने के बाद दरार आनी शुरू हो गई है। दोनों एक-दूसरे को राजा की हत्या का मास्टरमाइंड बता रहे हैं। मेघालय के ईस्टर्न रेंज के DIG डेविस एनआर मारक ने कहा- दोनों में से कौन मास्टरमाइंड है? इसका खुलासा तब होगा, जब उनका आमना-सामना कराया जाएगा। अभी उनसे अलग-अलग पूछताछ कर रहे हैं।पूरी खबर पढ़ें
