महेश्वर थाना क्षेत्र के करही में गुरुवार दोपहर पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 15 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई। आरोपी शानू खान ने विवाद के दौरान किशोर को जमीन पर गिराकर कोहनी से हमला किया और गर्दन पर पैर रखकर दबाया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव है। वहीं घटना से आक्रोशित भीड़ ने रात करीब 8 बजे आरोपी शानू खान की दुकान में आग लगा दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। मौके पर पुलिस बल तैनात है। जिले के बड़वाह, करही, बलवाड़ा और मंडलेश्वर थाने का बल तैनात है। मारपीट के दौरान आई अंदरूनी चोटें जानकारी के अनुसार, सोहन चावले (25) रामदड का निवासी था और करही के स्थानीय गैरेज पर काम करता था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शानू खान के साथ उसका विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शी सावन ने बताया कि आरोपी ने सोहन को जमीन पर पटक दिया और उसकी कोहनी से वार किया। इसके बाद आरोपी ने उसकी गर्दन पर पैर रखकर दबाव बनाया, जिससे किशोर को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत घायल सोहन को तत्काल स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की दुकान फूंकी किशोर सोहन की हत्या के बाद गुरुवार रात स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना से आक्रोशित भीड़ ने रात करीब 8 बजे आरोपी शानू खान की दुकान में आग लगा दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है। हत्या की धारा में केस पुलिस ने चश्मदीद सावन चावले के बयान और फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। एएसपी शकुंतला रूहल ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब हत्या के पीछे के विस्तृत कारणों और लेनदेन के विवाद की जांच कर रही है।
