Homeमध्यप्रदेश‘80 हजार में लड़की खरीदने जा रहा हूं':पर्ची पर लिखने वाले युवक...

‘80 हजार में लड़की खरीदने जा रहा हूं’:पर्ची पर लिखने वाले युवक की रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, मोबाइल नंबर की लिस्ट भी थी

मध्यप्रदेश क्राइम फाइल्स में इस बार कहानी रतलाम के एक ऐसे हत्याकांड की, जिसमें पुलिस को कातिल तक पहुंचाने वाला सुराग मरने वाले की जेब में ही था। रेलवे ट्रैक के पास मिली युवक की लाश की पहली नजर में पहचान तक मुश्किल थी। सिर और शरीर पर चोटों के निशान बता रहे थे कि उसकी हत्या की गई है। लेकिन तलाशी के दौरान जेब से मिली एक पर्ची ने जांच को बिल्कुल अलग दिशा में मोड़ दिया। उस पर्ची में एक लड़की को 80 हजार रुपए में खरीदने का जिक्र था। साथ ही लिखा था- जान को खतरा है। कागज पर कुछ लोगों के नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज थे। पुलिस को लगा कि हत्या के पीछे महिलाओं की खरीद-फरोख्त या किसी सौदे का विवाद हो सकता है। लेकिन जब पर्ची में लिखे लोगों की पहचान हुई, तो अलग ही कहानी निकली। जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के CCTV कैमरों में एक ऐसा शख्स भी दिखाई दिया, जो हत्या से कुछ घंटे पहले मरने वाले शख्स के साथ था। आखिर वह कौन था? क्या महिला के सौदे का इस हत्या से कोई संबंध था? और जिस शख्स की लाश मिली उसने अपनी जान को खतरा होने की बात पर्ची पर क्यों लिखी थी? इस कहानी में आगे जानिए… 5 जुलाई 2016 को रतलाम में सुबह-सुबह सब-इंस्पेक्टर राम सिंह खापेड़ थाने पहुंचे ही थे कि उनके फोन की घंटी बज उठी। सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति की लाश पड़ी है। राम सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए।रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अहिंसा ग्राम इलाके में रेलवे ट्रैक पर बने पुल के पास एक युवक का शव पड़ा था। युवक की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच थी। पहली नजर में ही मामला सामान्य हादसा नहीं लग रहा था। युवक की मौत ट्रेन से कटकर नहीं हुई थी। जेब से मिला मुड़ा हुआ कागज पुलिस ने आसपास का इलाका छाना, लेकिन हत्या में इस्तेमाल हथियार नहीं मिला। न कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने आया और न ही ऐसा कोई व्यक्ति, जो मृतक की पहचान बता सके। युवक के पास पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज भी नहीं था। पुलिस ने उसकी जेबों की तलाशी ली तो पैसे या दूसरे सामान के बजाय एक मुड़ा हुआ कागज मिला। कागज को खोलकर देखा गया तो उस पर कुछ लोगों के नाम और मोबाइल नंबर लिखे थे। लेकिन कागज पर लिखी बातें सामान्य नहीं थीं। उसमें एक लड़की को 80 हजार रुपए में खरीदने के सौदे का जिक्र था। लिखा था- मैं 80 हजार में लड़की खरीदने जा रहा हूं। नाम और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू पुलिस ने पर्ची को ध्यान से पढ़ा। उसमें लिखा था कि युवक इस सौदे के सिलसिले में कुछ लोगों से मिलने जा रहा है। उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। इसलिए उसने कुछ नाम और मोबाइल नंबर लिखकर रखे थे। पर्ची में तीन महिलाओं और तीन पुरुषों के नाम दर्ज थे। पुलिस को आशंका हुई कि कहीं युवक मानव तस्करी या महिलाओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े किसी गिरोह के संपर्क में तो नहीं था। पुलिस के सामने कई सवाल थे। क्या युवक किसी महिला को खरीदने के लिए रतलाम आया था? क्या 80 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ? क्या इसी कारण हत्या कर दी गई? जिनके नाम लिखे थे, वे एक ही परिवार के निकले पुलिस ने पर्ची में दर्ज सभी मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। एक-एक कर संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। उनके बयान दर्ज किए गए और कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाले गए। जांच में पता चला कि पर्ची में लिखे नाम किसी अलग-अलग गिरोह के सदस्यों के नहीं, बल्कि एक ही परिवार के लोगों और उनके परिचितों के थे। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह थी कि इनमें से किसी का भी मृतक से कोई परिचय नहीं था। मोबाइल कॉल डिटेल में भी मृतक और इन लोगों के बीच संपर्क का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। पर्ची को लेकर दो थ्योरी थी लेकिन कोई सुराग नहीं अब पुलिस के सामने पर्ची को लेकर दो सवाल थे। क्या युवक ने वास्तव में इन लोगों के नाम किसी सौदे के सिलसिले में लिखे थे? या फिर किसी ने जानबूझकर ये नाम और नंबर उसकी जेब में रखे थे, ताकि पुलिस की जांच गलत दिशा में चली जाए? अगर पर्ची में लिखे लोग हत्या में शामिल नहीं थे, तो फिर युवक ने उनके नाम क्यों लिखे थे? और अगर पर्ची किसी साजिश का हिस्सा थी, तो उसे मृतक की जेब तक किसने पहुंचाया? कहानी उलझ गई थी और पुलिस को इन सवालों के जवाब नहीं मिल रहे थे। ऐसे में जांच का दायरा बढ़ाया गया। ताकि इन सवालों के जवाब मिल सके। CCTV में मृतक के साथ दिखा एक शख्स पर्ची में लिखे लोगों से पूछताछ और मोबाइल रिकॉर्ड की जांच के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान एक फुटेज में मृतक जैसा दिखने वाला युवक नजर आया। 4 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन के पास दिखाई दिया। वह स्टेशन से बाहर निकल रहा था। उसके साथ एक दूसरा व्यक्ति भी था। पुलिस के सामने अब ये सवाल थे- जिस युवक की लाश मिली वह कौन था?
क्या हत्या की वजह सचमुच महिला का सौदा था?
पर्ची में लिखे नामों का इस मामले से क्या संबंध था?
CCTV में मृतक के साथ दिख रहा शख्स आखिर कौन था? मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स में कल पढ़िए इन सवालों के जवाब… ये भी पढ़ें… 40 लोग गायब, बगीचे से निकले नर कंकाल, क्राइम फाइल्स पार्ट-1 मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स में आज बात उस खौफनाक दौर की, जब सिवनी, जबलपुर, सागर और नरसिंहपुर के कई इलाकों में मुसाफिरों के अचानक गायब होने की खबरें सामने आ रही थीं। पढ़ें पूरी खबर… बाकू खा लो…सुनते ही घोंट देते थे गला;931-हत्याओं की कहानी, क्राइम फाइल्स पार्ट-2 क्राइम फाइल्स के पार्ट-1 में आपने पढ़ा कि नागपुर से जबलपुर के रास्ते पर परिवार और मुसाफिर रहस्यमयी तरीके से गायब हो रहे थे। कहीं रात में संगीत की आवाज सुनाई देती और सुबह पूरा पड़ाव खाली मिलता, तो कहीं यात्रियों का समूह रास्ते में ही लापता हो जाता। पुलिस को कोई सुराग नहीं मिलता था। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here