Homeमध्यप्रदेशभारत की लगातार दूसरी जीत, कोरिया को 2-1 से हराया:समीर दाद बोले-12-13...

भारत की लगातार दूसरी जीत, कोरिया को 2-1 से हराया:समीर दाद बोले-12-13 पेनल्टी कॉर्नर में सिर्फ एक गोल किया, स्कोरिंग पर करना होगा काम

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारतीय टीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी सफलता हासिल की, लेकिन जीत के बावजूद टीम की कुछ कमजोरियां भी सामने आईं। भारतीय टीम ने मुकाबले के शुरुआती दो क्वार्टर में पूरी तरह दबदबा बनाया। कोरियाई टीम को डिफेंसिव खेलने पर मजबूर किया, लेकिन गोल करने के कई मौके गंवाए। भारत को मैच में 12 से 13 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से सिर्फ एक को गोल में बदला जा सका। ओलंपियन समीर दाद के मुताबिक, भारतीय टीम को आने वाले मुकाबलों में गोल स्कोरिंग चांस और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की क्षमता पर विशेष काम करना होगा। समीर दाद ने कहा कि भारतीय टीम ने मैच में डोमिनेट किया और पहले दो क्वार्टर में फुल प्रेस के साथ खेली। कोरिया इस दौरान दबाव में रही, लेकिन सिर्फ खेल पर नियंत्रण बनाने से मैच आसान नहीं होता। जब तक टीम गोल नहीं करती और स्कोर में बढ़त नहीं बनाती, तब तक विपक्षी टीम पर निर्णायक दबाव नहीं बनता। उन्होंने कहा कि कोरिया की गोलकीपर ली ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कम से कम 5 से 6 ऐसे शॉट बचाए, जिन्हें गोल माना जा सकता था। युवा गोलकीपर ने दिखाई परिपक्वता, भविष्य में कोरिया की बड़ी ताकत बन सकती हैं कोरिया की गोलकीपर के प्रदर्शन पर समीर दाद ने कहा कि वह काफी युवा हैं और जूनियर वर्ल्ड कप से सीनियर टीम में आई हैं। जिस तरह का टेंपरामेंट और आत्मविश्वास उन्होंने दिखाया है, वह काबिलेतारीफ है। आने वाले समय में वह कोरिया की अच्छी गोलकीपर बन सकती हैं। शुरुआत से आक्रामक खेलती कोरिया तो मुकाबला बराबरी का होता समीर दाद के मुताबिक, कोरिया ने शुरुआती दो क्वार्टर में रक्षात्मक रणनीति अपनाई, जिसका भारतीय टीम ने फायदा उठाया। भारत ने लगातार आक्रमण किए और कोरिया को अपने हाफ में खेलने पर मजबूर किया। हालांकि, आखिरी दो क्वार्टर में कोरिया ने अपना खेल बदला और आक्रामक हॉकी खेली। इसी दौरान उसने एक गोल भी किया और कुछ अच्छे मौके बनाए। समीर दाद का मानना है कि अगर कोरिया शुरुआत से ही इसी आक्रामक अंदाज में खेलती तो मुकाबला और बराबरी का हो सकता था। चीन-जापान समेत सभी टीमें जूनियर खिलाड़ियों को दे रहीं मौका चीन और मलेशिया के बीच 2-2 से ड्रॉ मुकाबले पर समीर दाद ने कहा कि इस टूर्नामेंट में कई टीमें भविष्य की तैयारी भी कर रही हैं। भारत, चीन, जापान और कोरिया सहित विभिन्न टीमों ने जूनियर खिलाड़ियों को सीनियर टीम में मौका दिया है। चीन की टीम में भी 6 से 7 नई खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें जूनियर स्तर से सीनियर हॉकी में आगे बढ़ाया जा रहा है। ऐसे टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने का मौका होते हैं। यही वजह है कि कई मुकाबले उम्मीद से ज्यादा कड़े और बराबरी के दिखाई दे रहे हैं। जापान के खिलाफ भी कड़ा मुकाबला, गोल के मौके भुनाना जरूरी जापान के खिलाफ संभावित मुकाबले को लेकर समीर दाद ने कहा कि भारत और जापान के बीच भी कोरिया जैसा ही कड़ा मैच देखने को मिल सकता है। जापान और कोरिया का खेल स्तर लगभग समान है। ऐसे में मुकाबला 2-1 के आसपास रह सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को गोलकीपर के सामने मिलने वाले मौकों को गोल में बदलना होगा। पेनल्टी कॉर्नर पर भी बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी है, तभी टीम बड़े अंतर से जीत हासिल कर सकेगी। थाईलैंड अभी सीखने और टीम को तैयार करने के दौर में थाईलैंड की टीम के प्रदर्शन पर समीर दाद ने कहा कि वह फिलहाल बहुत मजबूत टीम नहीं है, लेकिन इस टूर्नामेंट में उसके खेल में सुधार दिखाई दे रहा है। टीम की खिलाड़ी अभी सीखने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को तैयार करने के दौर से गुजर रही हैं। धीरे-धीरे अनुभव और बेहतर प्रशिक्षण के साथ थाईलैंड की टीम भी मजबूत होकर सामने आ सकती है। कप्तान सलीमा टेटे बोलीं- ट्रॉफी जीतना हमारा लक्ष्य भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि कोरिया के खिलाफ मुकाबला टीम के लिए महत्वपूर्ण था। कोरिया ने मजबूत डिफेंस किया और भारतीय टीम ने कई बार सर्कल में प्रवेश कर गोल करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखे। सलीमा ने कहा कि पेनल्टी कॉर्नर से भी गोल निकला। टीम अब अगले मैचों में अपनी गलतियों का वीडियो विश्लेषण कर सुधार करेगी। उन्होंने कहा कि भारत में इस तरह का टूर्नामेंट खेलने और ट्रॉफी जीतने का मौका बार-बार नहीं मिलता। घरेलू दर्शकों का समर्थन खिलाड़ियों को अतिरिक्त प्रेरणा देता है। सलीमा के मुताबिक, टीम का लक्ष्य एशियन चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम करना है। किसी भी प्रतिद्वंद्वी को कमजोर नहीं मान रहे हैं और फिलहाल एक-एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here