भाई दूज पर जिस घर में भाई-बहन के साथ होने की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां मातम पसरा है। गुजरात के हालोल में रहने वाला वर्मा परिवार मामा की शादी में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश जा रहा था। रास्ते में रतलाम के जावरा के पास दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार रेलिंग से टकरा गई। हादसे में 13 साल के बेटे सागर और 6 साल की बेटी विधि की मौत हो गई, जबकि मां घायल हो गईं। दुखद बात यह है कि 8 दिन पहले ही परिवार ने विधि का छठा जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। उस दिन वह केक काटते हुए बेहद खुश नजर आ रही थी। बुधवार सुबह दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर रतलाम के जावरा में बड़ायला चौरासी फंटे के पास परिवार की कार सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलिंग का लोहे का हिस्सा कार को चीरते हुए 13 साल के सागर के शरीर के आर-पार निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 6 साल की बहन विधि ने जावरा से रतलाम लाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में मां रिशु वर्मा (42) भी घायल हुई हैं। भाई-बहन के शव लेकर यूपी रवाना हुए परिजन राजबाबू वर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के गांव मेनहा, थाना अचलगंज के रहने वाले हैं। वह पिछले 13 साल से गुजरात के हालोल की सिद्धि विनायक सोसाइटी में परिवार के साथ रह रहे हैं। वहां एक फार्मा कंपनी में डिप्टी मैनेजर हैं। हादसे की सूचना मिलने पर गुजरात के हालोल और उत्तर प्रदेश से परिजन बुधवार शाम रतलाम पहुंचे। इससे पहले हालोल में रहने वाले उनके पड़ोसी के रिश्तेदार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। जावरा में सागर और रतलाम में विधि का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद बुधवार रात दोनों के शव एंबुलेंस से पैतृक गांव ले जाए गए। माता-पिता को दूसरी कार में रवाना किया गया। 3 नवंबर को धूमधाम से मनाया था विधि का जन्मदिन विधि का 3 नवंबर को छठा जन्मदिन था। माता-पिता ने हालोल में उसका जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। केक काटा और मोमबत्तियां बुझाईं। परिवार में जन्मदिन की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि हादसे में विधि की जान चली गई। वह यूकेजी में पढ़ती थी, जबकि सागर 8वीं कक्षा का छात्र था। विधि को जानवरों से काफी लगाव था। खुद को एनिमल लवर कहती थी विधि उत्तर प्रदेश से आए राजबाबू के भतीजे आकाश वर्मा ने बताया कि विधि को जानवरों से काफी लगाव था। वह खुद को ‘आई एम एनिमल लवर’ कहती थी। घर में कुत्तों के बच्चों का भी बहुत ध्यान रखती थी। मामा की शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार आकाश वर्मा ने बताया कि राजबाबू के साले और बच्चों के मामा की शादी 21 नवंबर को कानपुर में होनी है। 16 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम था। इसी में शामिल होने के लिए परिवार अपने गांव जा रहा था। राजबाबू बुधवार सुबह 4:10 बजे पत्नी और बच्चों के साथ हालोल से निकले थे। करीब साढ़े छह घंटे बाद उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। राजबाबू ने बताया कि गाड़ी की रफ्तार सामान्य थी। उन्हें समझ नहीं आया कि कार डिवाइडर की तरफ कैसे चली गई। गाड़ी रुकने के बाद ही उन्हें हादसे का पता चला। पिता बोले- बेटी को समय पर अस्पताल पहुंचाते तो बच सकती थी जान राजबाबू ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद लोग मदद के लिए आए। करीब 15 मिनट में एंबुलेंस पहुंच गई थी। हालांकि, वहां से अस्पताल पहुंचने के लिए 25 से 30 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर बेटी को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता या एक्सप्रेस-वे के आसपास इलाज की सुविधा होती तो शायद उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने सड़क के आसपास अस्पताल की सुविधा होने की जरूरत भी बताई। राजबाबू ने कहा कि परिवार ने अपना सब कुछ खो दिया। रेलिंग के टूटे हिस्से में घुसी थी कार, CCTV फुटेज आया सामने हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कार रेलिंग के टूटे हिस्से में घुसती दिखाई दे रही है। जिस जगह हादसा हुआ, वहां पास के खेतों में जाने के लिए रास्ता बना हुआ है। फुटेज में बाइक सवार दो लोग भी कच्चे रास्ते से 8 लेन पर आने की कोशिश करते दिख रहे हैं। इसी दौरान कार रेलिंग से टकरा गई। डिवाइडर में जगह-जगह बने हैं कट 8 लेन के किनारे कई गांव बसे हैं। ग्रामीणों ने आने-जाने के लिए डिवाइडर के बीच जगह-जगह कट बना रखे हैं। इन रास्तों से बाइक सवार सड़क पार करते हैं। शाम होते ही पशु भी एक्सप्रेस-वे पर आ जाते हैं। इन्हें रोकने और अवैध कट बंद करने के लिए 8 लेन प्रबंधन के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले भी बाइक सवारों और सड़क पर घूमते पशुओं के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… 100 की स्पीड में रेलिंग से टकराई कार, VIDEO रतलाम में बुधवार सुबह दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रेलिंग का लोहे का हिस्सा कार के अंदर घुस गया और बच्चे के शरीर को चीरते हुए दूसरी तरफ निकल गया। पूरी खबर पढ़ें…
