इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंच से कहा- मैं जो भी करता हूं, मुंह पर करता हूं, पीठ पीछे नहीं। जो गलत है, वो गलत है और जो सही है, वो सही। 70 साल का हो गया हूं, यूं ही सठिया गया हूं… किसी को बुरा लगे तो लगे, अपने को क्या फर्क पड़ता है। वहीं, दूसरी ओर उन्होंने छात्राओं को दोस्ती, नशे और सामाजिक बुराइयों को लेकर खुलकर सलाह दी। विधानसभा-1 स्थित पीएम राइस स्कूल अहिल्या आश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने छात्राओं को यह बात मजेदार अंदाज में यह बात कही। इस दौरान वहां खूब ठहाके लगे। शनिवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर के दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। रहमान अपना नाम राम बताकर तुमसे दोस्ती करेगा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लव जिहाद को लेकर छात्राओं को आगाह किया कि किसी भी लड़के से दोस्ती सोच-समझकर करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर संबंध बनाते हैं और बाद में सच्चाई सामने आती है। उन्होंने छात्राओं को सतर्क और जागरूक रहने की सलाह दी। नशा करने वाले भाई को राखी नहीं बांधने की अपील विजयवर्गीय ने नशामुक्ति का संदेश भी दिया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि उनका भाई नशा करता है तो रक्षाबंधन पर उसे राखी नहीं बांधने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण, हनुमानजी या भोलेनाथ को राखी बांध देना, लेकिन नशा करने वाले भाई से कहना कि जब तक नशा नहीं छोड़ेगा, तब तक राखी नहीं बांधी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पिता या भाई नशे की हालत में घर आएं तो उनके विरोध में भूख हड़ताल जैसे प्रतीकात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं। उनके अनुसार परिवार यदि ठान ले तो नशे की लत छुड़ाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्कूल को फर्नीचर और वाटर कूलर भी भेंट किए। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा और स्वस्थ वातावरण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। विजयवर्गीय के बेबाक बयानों को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज है। उनके “70 साल का हो गया हूं, यूं ही सठिया गया हूं” वाले बयान को लेकर अलग-अलग राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं।
