Homeमध्यप्रदेश44° टेम्प्रेचर में कांग्रेस नेता ने सड़क पर लोट लगाई:विकास कार्य नहीं...

44° टेम्प्रेचर में कांग्रेस नेता ने सड़क पर लोट लगाई:विकास कार्य नहीं होने पर भाजपा नेता ने कराया मुंडन; कलेक्टर ने ली सुकून की नींद

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। विरोध प्रदर्शन में बिल्ली लेकर आ गई कांग्रेस
पहले कुत्ता और अब बिल्ली विपक्षी दल कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बन गई है। रतलाम में कांग्रेस बिल्ली लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची और प्रशासन को भीगी बिल्ली बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशासन सत्ताधारी दल के दबाव में भीगी बिल्ली की तरह काम कर रहा है। दरअसल, कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के एक नेता चिलचिलाती धूप में 44 डिग्री टेम्परेचर के बीच सड़क पर लोट लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कांग्रेस नेता कलेक्ट्रेट में ही धरने पर बैठ गए और अधिकारियों पर बात नहीं सुनने का आरोप लगाया। हालांकि बाद में एडीएम साहिबा केबिन से बाहर निकलकर कांग्रेस नेताओं के बीच आईं और उनसे झापन लिया। इसी प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला भी फूंका। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प जैसी स्थिति भी बनी। बाद में प्रशासन ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खदेड़ा। अब लोग चटकारे ले रहे हैं कि ये तो बहुत अच्छा हुआ। कांग्रेस ने भरी गर्मी में प्रदर्शन किया। प्रशासन ने उनकी गर्मी निकाल दी। मतलब पानी की बौछार कर गर्मी में ठंडक कर दी। विकास नहीं हो रहा, अध्यक्ष ने कराया मुंडन
अशोक नगर जिले की भाजपा शासित शाढ़ौरा नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक माहौर ने शहर में विकास कार्य न करा पाने से दुखी होकर मुंडन करा लिया। वे ओंकारेश्वर में नर्मदा तट पर पहुंचे और बाल कटवा लिए। नगर परिषद अध्यक्ष का कहना है कि कई कामों के लिए स्वीकृति और पैसा स्वीकृत होने के बाद भी अधिकारी काम नहीं होने दे रहे हैं। हालांकि नेता जी का ये स्टंट समझ नहीं आया। प्रदेश में भाजपा की सरकार है। वे खुद भाजपा नेता है। अगर अधिकारी कोई बाधा पैदा कर रहे हैं तो विभागीय मंत्री और सीएम के सामने बात रखी जा सकती है। फिर अपनी ही सरकार में इस तरह की लाचारी दिखाना कुछ पचा नहीं। अब लोग नगर परिषद अध्यक्ष के इस वीडियो पर तंज कर रहे हैं। कह रहे हैं कि एमपी में भाजपा के डबल इंजन की सरकार है, लेकिन लगता है नेता जी का डिब्बा ठीक से जुड़ा नहीं। लोग ये भी कह रहे हैं कि सत्ताधारी दल के नेताओं के ये हालात है तो बाकी आप अंदाजा लगाया जा सकता है। गांव में रुके कलेक्टर साहब, यहीं बिताई रात
सीएम डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद अधिकारी जमीन पर आ गए हैं। गांव-गांव की दौड़ लगा रहे हैं। रात्रि चौपाल लगा रहे हैं। गांवों में रात बिता रहे हैं। अब टीकमगढ़ में गांव में रात्रि विश्राम कर रहे कलेक्टर विवेक श्रोतिय का वीडियो सामने आया है। जो खुले आसमान के नीचे कूलर लगाकर मच्छरदानी के अंदर सुकून की नींद लेते नजर आए। लोग अधिकारियों के डाउन-टू-अर्थ वाली फोटो की तारीफ तो कर रहे हैं। साथ ही ये भी कह रहे हैं कि ये सिलसिला लगातार चलना चाहिए। ग्रामीणों को इसका रिजल्ट भी मिलना चाहिए। नहीं तो ये पिकनिक ही साबित होगा। क्योंकि अधिकारियों की ऐसी तस्वीरें पहले भी सामने आ चुकी है। दोपहर में निशाना साधा, शाम को साथ दिखे
राजनीति का रंग ऐसा होता है कि जैसा दिखता है वैसा तो नहीं होता है। अब ग्वालियर दौरे पर आए राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को ही ले लीजिए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो उनके निशाने पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि दतिया विधायक राजेंद्र भारती के मामले में सीट खाली कराने को लेकर जल्दबाजी दिखाई गई। जबकि कांग्रेस से भाजपा में चली गई बीना विधायक निर्मला सप्रे का मामला अब तक लटकाकर रखा है। ये तो दोहरा मापदंड है। इधर, शाम को एक कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर साथ नजर आए। हालांकि ये सियासी शिष्टाचार है। सियासी सौहार्द की ये तस्वीर नई नहीं है। लेकिन इस जुगलबंदी को किसी के खिलाफ लामबंदी से भी जोड़ा जा रहा हैं। इनपुट सहयोग – केके शर्मा (रतलाम), शैलेंद्र द्विवेदी (टीकमगढ़), संजीव यादव (अशोक नगर), रामेंद्र परिहार (ग्वालियर) ये भी पढ़ें –
पूर्व मंत्री ने पीठ पीछे की दिग्विजय की बुराई: फिर उड़ी मोदी की अपील की धज्जियां, 8 गाड़ियों से पहुंचे भाजपा नेता अगर आप पीठ पीछे किसी की चुगली कर रहे हों, उसकी बुराई कर रहे हों, उसे बुरा-भला कह रहे हों और वह अचानक सामने आ जाए तो.. इंदौर में भाजपा विधायक उषा ठाकुर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। इसके बाद उषा ठाकुर और दिग्विजय सिंह के बीच रोचक संवाद देखने को मिला। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here