प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में किसानों को उपज बेचने के बाद भुगतान के लिए एक दिन तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंडी बोर्ड ने 30 से अधिक मंडियों में पेमेंट गेटवे का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके तहत व्यापारी के भुगतान करते ही किसान के बैंक खाते में राशि और मोबाइल पर मैसेज पहुंच जाएगा। यानी किसान को अब 24 घंटे भी इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नई व्यवस्था को इंटीग्रेटेड फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ा गया है। इसके लिए पहले से संचालित ई-मंडी और एमपी फार्मगेट ऐप को भी पेमेंट गेटवे से लिंक किया जा रहा है। पेमेंट गेटवे सिस्टम की टेस्टिंग विदिशा, राजगढ़, नरसिंहपुर और देवास समेत 30 से अधिक मंडियों में चल रही है। यह होगा बदलाव
पहले क्या: उपज तौल के बाद व्यापारी भुगतान पत्रक तैयार करता। शीट बैंक को भेजी जाती। बैंक आरटीजीएस से किसान के खाते में राशि भेजता था। प्रक्रिया में 1 दिन तक लग जाता था।
अब क्या: भुगतान पेमेंट गेटवे से होगा। व्यापारी के भुगतान करते ही किसान के खाते में राशि, मोबाइल पर मैसेज आएगा।
