Homeमध्यप्रदेश30 साल पुराने समझौते पर हाईकोर्ट का फैसला:आईडीए को 30 दिन में...

30 साल पुराने समझौते पर हाईकोर्ट का फैसला:आईडीए को 30 दिन में 0.352 हेक्टेयर अतिरिक्त विकसित भूखंड देने के निर्देश दिए

जमीन लेकर विकसित भूखंड आवंटित करने के मामले में इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) को हाईकोर्ट से झटका लगा है। हाईकोर्ट ने रवि नगर कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए आईडीए को 30 दिन के भीतर करीब 0.352 हेक्टेयर अतिरिक्त विकसित जमीन देने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जस्टिस संदीप एन. भट्ट की सिंगल बेंच ने 20 नवंबर को दिए आदेश में आईडीए के 27 जनवरी 2021 के आदेश और इसके आधार पर तैयार 2 मार्च 2021 की नोटशीट निरस्त कर दी। कोर्ट ने पाया कि एक ही योजना में जमीन देने वाली दो सोसायटियों के साथ प्राधिकरण ने अलग-अलग व्यवहार किया। स्नेह नगर सोसायटी को 39.3 प्रतिशत विकसित जमीन दी गई, जबकि रवि नगर सोसायटी को केवल 29.17 प्रतिशत। इस अंतर का कोई ठोस आधार आईडीए नहीं बता सका। कोर्ट ने इसे मनमाना और भेदभावपूर्ण मानते हुए संविधान के अनुच्छेद 14 और 300-ए के तहत मिले अधिकारों का उल्लंघन माना। 1981 में जमीन देने का समझौता, 1993 में आईडीए से करार मामला स्कीम-94 से जुड़ा है। रवि नगर सोसायटी की खजराना क्षेत्र में 3.787 हेक्टेयर जमीन थी, जिसे उसने योजना के विकास के लिए आईडीए को सौंपा था। प्राधिकरण ने 31 जनवरी 1986 के संकल्प क्रमांक 9 में जमीन देने वाली सहकारी संस्थाओं को निर्धारित अनुपात में विकसित आवासीय क्षेत्र देने का प्रावधान किया था। बाद में 3 अक्टूबर 1991 को संकल्प क्रमांक 148 के जरिए इसमें संशोधन किया गया। इसी आधार पर 6 अगस्त 1993 को आईडीए और रवि नगर सोसायटी के बीच समझौता हुआ। आईडीए ने 1994 में सोसायटी से प्रीमियम के रूप में 1.43 लाख रुपए जमा कराए। विकास कार्यों के लिए मांगे गए 2.86 लाख रुपए का भी सोसायटी ने भुगतान किया। इसके बावजूद उसे लंबे समय तक समझौते के मुताबिक विकसित जमीन नहीं मिली। आईडीए की गणना में ही 38.13% जमीन की पात्रता सामने आई 29 सितंबर 1999 को आईडीए ने संकल्प क्रमांक 119 के तहत रवि नगर सोसायटी को 29.17 प्रतिशत विकसित क्षेत्र के हिसाब से 1.1046 हेक्टेयर जमीन देने का निर्णय लिया। दूसरी ओर, स्नेह नगर सोसायटी को करीब 39.3 प्रतिशत विकसित जमीन आवंटित की गई। खास बात यह है कि बाद में आईडीए की अपनी विभागीय गणना में रवि नगर सोसायटी की पात्रता 38.13 प्रतिशत तक सामने आई। 22 जून 2015 की नोटशीट क्रमांक 110 में करीब 0.352 हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन देने की पात्रता भी दर्ज की गई थी। वर्ष 2016 और 2017 की विभागीय गणनाओं और कानूनी राय में भी अतिरिक्त जमीन देने का समर्थन किया गया। इसके बावजूद प्राधिकरण ने वर्ष 2001 के संकल्प क्रमांक 197 का हवाला देकर अतिरिक्त जमीन देने से इनकार कर दिया। 2001 के बाद बदले नियमों से पुराना अधिकार खत्म नहीं होगा हाईकोर्ट ने फैसले में स्पष्ट किया कि 6 अगस्त 1993 को आईडीए और सोसायटी के बीच समझौता होने के समय संकल्प क्रमांक 148 लागू था। वर्ष 2001 में किए गए बाद के बदलावों के आधार पर सोसायटी के पहले से स्थापित अधिकार समाप्त नहीं किए जा सकते। कोर्ट ने यह भी कहा कि सोसायटी अपनी जमीन प्राधिकरण को सौंपने के साथ जरूरी भुगतान भी कर चुकी थी। ऐसे में आईडीए अपने ही समझौते और पहले की विभागीय गणनाओं से पीछे नहीं हट सकता। एक ही योजना में दो सोसायटियों को अलग-अलग अनुपात में विकसित जमीन देना भी उचित नहीं है। देरी की दलील खारिज, 30 दिन में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश सुनवाई के दौरान आईडीए ने याचिका में देरी का तर्क दिया था। प्राधिकरण का कहना था कि सोसायटी को उसकी पात्रता से अधिक जमीन पहले ही दी जा चुकी है। हालांकि, कोर्ट ने सोसायटी की ओर से लगातार किए गए अभ्यावेदनों और बाद में सामने आए विभागीय दस्तावेजों को देखते हुए इस दलील को स्वीकार नहीं किया। हाईकोर्ट ने आईडीए के 27 जनवरी 2021 के आदेश और 2 मार्च 2021 की नोटशीट निरस्त करते हुए निर्देश दिया कि प्राधिकरण 1993 के समझौते और संकल्प क्रमांक 148 के अनुसार सोसायटी के दावे पर कार्रवाई करे और करीब 0.352 हेक्टेयर अतिरिक्त विकसित जमीन देने की प्रक्रिया 30 दिन में पूरी करे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here