खरगोन के ऊन स्थित करीब 1500 साल पुराने महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली पर रविवार को 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं को गर्भगृह तक पहुंचने में करीब सवा घंटे लगे। उन्होंने 3 से 5 सेकंड में दर्शन किए और माता को कमल व गेंदा के फूल चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने सिंदूर चढ़ाकर अखंड सुहाग की कामना की। सेवादार गजेंद्र सोनी ने बताया कि तड़के 4 बजे माता का चोला शृंगार किया गया और महाआरती हुई। इसके बाद मंदिर के पट दर्शन के लिए खोल दिए गए। निमाड़ के अलावा महाराष्ट्र और गुजरात से भी श्रद्धालु पहुंचे। ऊन पुलिस की निगरानी में दिनभर दर्शन का सिलसिला जारी रहा। परमारकालीन 11वीं शताब्दी के इस मंदिर में माता को सिंदूर का चोला चढ़ाने और कमल के फूल अर्पित करने की परंपरा है। दीपावली पर मंदिर को रंगोली, फूलों और रंगीन रोशनी से सजाया गया। मंदिर में अब गोपाष्टमी पर अन्नकूट महोत्सव होगा। इसमें क्षेत्र के 50 गांवों की भागीदारी से चौक बंद भंडारा आयोजित किया जाएगा।
