रीवा के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए 119.18 करोड़ रुपए की दो सड़क परियोजनाओं के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। दोनों परियोजनाओं के तहत कुल 44.25 किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई जाएंगी। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है। दो मार्गों पर होगा निर्माण पहली परियोजना रीवा-मनकहरी-फरहद मार्ग की है। इसके निर्माण पर करीब 92 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। दूसरी परियोजना अजगरहा-इटहा मोड़ से दुबहा-बहुरीबांध एप्रोच रोड की है। इसके लिए 27.18 करोड़ रुपए की लागत तय की गई है। दोनों सड़कों के बनने से सेमरिया क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। लोगों को रीवा आने-जाने में सहूलियत होगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। विधायक अभय मिश्रा ने जताया आभार सेमरिया विधायक अभय मिश्रा ने टेंडर जारी होने पर मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करना और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा देना उनकी प्राथमिकता है। सेमरिया के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
