आगामी होली और रमजान के त्योहारों को देखते हुए पिपरिया शहर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। मंगलवार रात एसपी के निर्देश पर पुलिस बल ने शहर के मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण कर फ्लैग मार्च निकाला। इस मार्च के जरिए प्रशासन ने जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उपद्रवियों को कड़ा संदेश दिया है। अधिकारियों के नेतृत्व में किया पैदल भ्रमण फ्लैग मार्च की कमान खुद एसडीओपी मोहित कुमार यादव और तहसीलदार वैभव बैरागी ने संभाली। मार्च में सिटी पुलिस और स्टेशन रोड पुलिस के साथ भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल शामिल रहा। टीआई मंगलवारा गिरीश त्रिपाठी और स्टेशन रोड थाना प्रभारी आदित्य सेन ने अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इन प्रमुख इलाकों से गुजरा काफिला शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह पैदल मार्च शहर के व्यस्त और प्रमुख इलाकों से होकर गुजरा। मंगलवारा थाना क्षेत्र: मंगलवारा चौराहा, सराफा बाजार, रेलवे स्टेशन, सीमेंट रोड और बस स्टैंड। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र: इतवारा बाजार, अंबेडकर वार्ड, ईरानी मोहल्ला, टावर मोहल्ला और तहसील तिराहा। पुलिस की टीम ने न केवल मुख्य सड़कों, बल्कि तंग गली-मोहल्लों में भी भ्रमण किया ताकि सुरक्षा का अहसास हर नागरिक तक पहुंचे। अपराधियों में खौफ और जनता में विश्वास का लक्ष्य एसडीओपी मोहित कुमार यादव ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहारों को शांति और भाईचारे के साथ संपन्न कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस बल हमेशा शांतिप्रिय नागरिकों की मदद के लिए तैयार है, लेकिन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ होना जरूरी है।
