होलकर साइंस कॉलेज में गणपति विसर्जन समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद आज एक बार फिर माहौल गरमा गया। कॉलेज परिसर में करणी सेना और ABVP से जुड़े कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। विवाद की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल कॉलेज परिसर में पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को संभालने की कोशिश की। एहतियात के तौर पर परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। देखिए तीन तस्वीरें पिछले विवाद के बाद फिर आमना-सामना
दरअसल, गणपति विसर्जन चल समारोह के दौरान कॉलेज में दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि बहस के बाद पार्किंग एरिया में बेल्ट और डंडों से मारपीट हुई। इसके बाद विवाद कंप्यूटर लैब तक पहुंच गया था। घटना में BSc और MSc के कुछ छात्रों के घायल होने की बात सामने आई थी। मामला बढ़ने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अनुशासन समिति की बैठक बुलाई थी। कॉलेज की ओर से कुछ छात्रों को निलंबित भी किया गया है। निलंबन अवधि में इन छात्रों के कॉलेज परिसर में प्रवेश पर रोक लगाई गई है। आज फिर बढ़ा तनाव
पिछली घटना के बाद आज(सोमवार) दोनों पक्ष एक बार फिर कॉलेज परिसर में आमने-सामने आ गए। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। इससे कुछ देर के लिए कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम को लेकर कॉलेज प्रबंधन और पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
