Homeमध्यप्रदेशहॉर्न बजाने पर पड़ोसी ने कार से 2 बार कुचला:ग्वालियर में पहले...

हॉर्न बजाने पर पड़ोसी ने कार से 2 बार कुचला:ग्वालियर में पहले टक्कर मारी, फिर बैक कर दोबारा चढ़ाई कार; आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित अचलेश्वर एन्क्लेव के गेट पर आधी रात हॉर्न बजाने के मामूली विवाद में एक पड़ोसी ने दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने अपनी नेक्सॉन कार से पहले फरियादी की कार को टक्कर मारी। इसके बाद फरियादी के बाहर निकलते ही उसे सीधी टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद आरोपी ने कार बैक कर दोबारा उसके ऊपर चढ़ा दी। हमले में सुनेन्द्र धाकड़े के सीने और कूल्हे की हड्डियों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए ऑप्टिमस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हालत में सुधार आने के बाद शनिवार रात पुलिस को घटना की सूचना मिली। बहोड़ापुर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान लिए और देहाती नालसी पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने रात करीब 10:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गेट खुलने में देरी पर बजाने लगा हॉर्न एफआईआर के मुताबिक, अचलेश्वर एन्क्लेव, जलालपुर रोड निवासी सुनेन्द्र धाकड़े (46) शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:10 बजे मानपुर फेस-01 स्थित अपने ऑफिस से एमजी हेक्टर कार (MP80 GU 1092) से घर लौट रहे थे। कॉलोनी के गेट पर पहुंचने पर गार्ड को गेट खोलने में कुछ समय लग रहा था। इसी दौरान पीछे से कॉलोनी में रहने वाला आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर नीकेश कुशवाह उर्फ निक्की टाटा नेक्सॉन (MP07 ZX 6243) लेकर पहुंचा और सुनेन्द्र की कार के पीछे लगाकर तेज आवाज में हॉर्न बजाने लगा। साइड करने की बात पर भड़का, कार से मारी टक्कर सुनेन्द्र ने नीकेश से कहा कि वह पहले निकल जाए, वे अपनी कार साइड कर लेंगे। इस बात पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। सुनेन्द्र कार से बाहर निकले तो नीकेश ने उन्हें जान से मारने की नीयत से नेक्सॉन से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर से सुनेन्द्र सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपी ने कार को बैक किया और दोबारा उनके ऊपर चढ़ा दी। इससे सुनेन्द्र कार के नीचे फंस गए। गार्ड और कॉलोनीवासियों ने बाहर निकाला घटना के बाद गार्ड के साथ कॉलोनीवासी सुशील त्रिवेदी, रामशंकर त्यागी, अमित शर्मा और मनोज तोमर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मशक्कत कर सुनेन्द्र को कार के नीचे से बाहर निकाला और ऑप्टिमस अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। आईसीयू से दर्ज की एफआईआर, आरोपी गिरफ्तार बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि घायल को परिजन अस्पताल लेकर गए थे। शनिवार रात अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची और घायल के बयान लिए। सुनेन्द्र के आईसीयू में भर्ती होने के कारण अस्पताल से ही देहाती नालसी पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रात करीब 10:30 बजे आरोपी नीकेश कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here