जबलपुर-भोपाल मार्ग के शहपुरा टोल प्लाजा पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के टोल बंद करने के निर्देश के बावजूद शनिवार को वाहन चालकों से शुल्क वसूला गया। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें टोलकर्मी कहता नजर आ रहा है कि जब तक उसे लिखित आदेश नहीं मिलता, तब तक किसी वाहन को टोल से छूट नहीं दी जाएगी और शुल्क लिया जाएगा। राकेश सिंह ने गडकरी का जताया था आभार मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया था। उन्होंने बताया था कि शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) क्षतिग्रस्त होने से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए गडकरी ने टोल नाका तत्काल बंद करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। 25 दिन पहले भी दिए थे टोल बंद करने के निर्देश इसके करीब 24 घंटे के भीतर ही टोल प्लाजा पर वसूली जारी होने का वीडियो सामने आ गया। शहपुरा टोल पर यह पहली बार नहीं है, जब बंद करने के निर्देश के बावजूद वसूली का मामला सामने आया है। करीब 25 दिन पहले लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भोपाल में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में शहपुरा टोल बंद करने के निर्देश दिए थे। उस समय जबलपुर-भोपाल मार्ग पर यातायात डायवर्ट किया गया था। इसके बावजूद टोल ठेकेदार ने वसूली जारी रखी थी। ठेकेदार ने कहा था कि NHAI की ओर से उसे टोल बंद करने का लिखित निर्देश नहीं मिला है। 400 करोड़ के ब्रिज का हिस्सा धंसने से बदला ट्रैफिक जबलपुर-हिरन नदी मार्ग पर करीब 400 करोड़ रुपए की लागत से बना शहपुरा ओवरब्रिज फरवरी 2026 में क्षतिग्रस्त होकर धंस गया था। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर यातायात को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया गया। कुछ दिनों बाद यह वैकल्पिक रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण जबलपुर आने-जाने वाले वाहनों को पाटन होकर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे यात्रियों का समय और सफर दोनों बढ़ गए हैं। 22 सितंबर को गडकरी को लिखा था पत्र लोगों की परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने 22 सितंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शहपुरा आरओबी का काम पूरा होने तक टोल वसूली स्थगित करने का अनुरोध किया था। पत्र में उन्होंने बताया था कि आरओबी के एप्रोच में क्षति के कारण सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। इसी आधार पर उन्होंने टोल वसूली रोकने का आग्रह किया था। अब गडकरी की मंजूरी की जानकारी सामने आने के बावजूद शहपुरा टोल पर वसूली जारी रहने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में टोलकर्मी का कहना है कि लिखित आदेश मिलने तक शुल्क वसूला जाएगा।
