जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र में नाबालिगों के एक गुट ने पुराने विवाद को लेकर छात्र पर चाकू और बेल्ट से जानलेवा हमला कर दिया। गुरुवार रात संग्राम सागर पार्क के पास हुई वारदात में छात्र के दोनों पैरों और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने मारपीट के दौरान उसका वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हमले के दौरान छात्र हाथ जोड़कर माफी मांगता और मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसे नहीं छोड़ा। धनवंतरी नगर निवासी घायल छात्र ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे वह संग्राम सागर पार्क के पास से गुजर रहा था। तभी तिलवारा क्षेत्र में रहने वाले 6 से 7 नाबालिग लड़कों ने उसे रोक लिया। पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौच करते हुए उसे घेर लिया और धक्का देकर चाकू व बेल्ट से हमला कर दिया। आरोपियों ने चारों तरफ से घेरकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान वह हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन हमलावर लगातार वार करते रहे। नशे में होने का आरोप, वीडियो भी बनाया पीड़ित के मुताबिक हमलावर नशे की हालत में थे। उन्होंने चाकू और बेल्ट से हमला करने के साथ पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। चाकू के वार से छात्र के पैरों और कमर में गहरे घाव आए हैं। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मेडिकल कॉलेज में भर्ती, पुलिस ने शुरू की तलाश घायल छात्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर तिलवारा थाना पुलिस और अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर उसके बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
