हर यानी शिव हरि यानी विष्णु को रविवार रात सृष्टि का भार सौंपेंगे। वैकुंठ चतुर्दशी पर हरिहर मिलन का दृश्य रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि द्वारकाधीश गोपाल मंदिर में दिखाई देगा। वर्ष में एक बार 48 घंटे में महाकालेश्वर की दो सवारियों का संयोग आया है। पहली सवारी रविवार रात 11 बजे मंदिर से प्रस्थान कर मध्य रात्रि में द्वारकाधीश गोपाल मंदिर पहुंचेगी। वहां महाकालेश्वर को तुलसी की माला और द्वारकाधीश गोपालजी को बिल्वपत्र की माला अर्पित की जाएगी। आरती के बाद महाकालेश्वर की सवारी मंदिर की ओर प्रस्थान करेगी। हरि-हर मिलन के बाद अगले दिन सोमवार को महाकालेश्वर की कार्तिक-अगहन मास की दूसरी निकाली जाएगी, जो मंदिर परिसर से शाम 4 बजे रवाना होकर परंपरागत मार्ग से शिप्रा तट पहुंचेगी, जहां पूजन, आरती के बाद सवारी परंपरागत मार्ग से होकर मंदिर पहुंचेगी।
