Homeमध्यप्रदेशस्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम के बाद गरमाई इंदौर की राजनीति:भिड़े कांग्रेस-भाजपा नेता,...

स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम के बाद गरमाई इंदौर की राजनीति:भिड़े कांग्रेस-भाजपा नेता, चौकसे ने महापौर को घेरा तो मिश्रा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को दूसरा स्थान मिलने के बाद शहर की राजनीति में ‘पनौती’ को लेकर घमासान छिड़ गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को इंदौर के लिए पनौती बताया तो भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी को सबसे बड़ी पनौती कह दिया। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने भी भाजपा पर निशाना साधा और देश के शीर्ष नेतृत्व की ओर इशारा करते हुए तंज कसा। इस बयानबाजी के बीच नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने वीडियो जारी कर रैंकिंग को लेकर सफाई दी है। चौकसे बोले- महापौर के कार्यकाल में शहर ने खोया गौरव चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को इंदौर के लिए ‘पनौती’ बताते हुए कहा कि जब भार्गव महापौर बने थे, तब इंदौर स्वच्छता की राजधानी के रूप में पहचाना जाता था। अब शहर ने अपना पुराना गौरव खो दिया है। उन्होंने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए सफाई मित्रों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। चौकसे के मुताबिक, कांग्रेस सरकार के दौरान सफाई मित्रों को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई थी, जबकि भाजपा सरकार और नगर निगम परिषद ने अब तक उन्हें राशि नहीं दी। उन्होंने महापौर से जनता से माफी मांगकर स्वच्छता अभियान को नई ताकत के साथ शुरू करने की मांग की। मिश्रा का पलटवार- राहुल गांधी सबसे बड़ी पनौती चौकसे के बयान पर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि चौकसे खुद नगर निगम परिषद के पार्षद हैं और उन्हें अपने बयान पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता में नंबर वन था, है और रहेगा। महापौर के नेतृत्व में शहर में कई विकास कार्य चल रहे हैं। मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लगातार पराजय का मुंह देखती आई है। चौकसे को पहले अपने राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को हटाना चाहिए, क्योंकि सबसे बड़ी पनौती वही हैं। वानखेड़े ने कहा- पनौती किसे कहते हैं, जनता जानती है इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने भी भाजपा नगर अध्यक्ष के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारत में पनौती के नाम से किसे जाना जाता है, यह भाजपा के नेता और देश की जनता अच्छी तरह जानती है। वानखेड़े ने आरोप लगाया कि भाजपा नगर अध्यक्ष के कार्यकाल में इंदौर लगातार पिछड़ रहा है। एक समय शहर विकास और स्वच्छता के लिए जाना जाता था, लेकिन अब स्वच्छता का अवॉर्ड भी हाथ से निकल गया। उन्होंने भाजपा नेताओं से इंदौर की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने सीधे किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को देश के शीर्ष नेतृत्व पर तंज माना जा रहा है। कमिश्नर ने स्पष्ट की रैंकिंग, बोले- जोड़ी ने पाया दूसरा स्थान इस बीच नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने वीडियो बयान जारी कर कहा कि स्वच्छ सुपर लीग में शामिल शहरों को इस बार कमजोर प्रदर्शन करने वाले शहरों के साथ जोड़ी बनाकर उनकी रैंकिंग सुधारने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी व्यवस्था के तहत इंदौर के साथ देपालपुर को जोड़ा गया। दोनों की संयुक्त रैंकिंग में अहमदाबाद-साणंद के बाद इंदौर-देपालपुर की जोड़ी देश में दूसरे स्थान पर रही। उन्होंने बताया कि दोनों शहरों की टीमों ने मिलकर सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए काम किया, जिससे देपालपुर के अंकों और रैंकिंग में भी सुधार हुआ। एक शहर को एक ही पुरस्कार देने का नियम सिंघल ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस बार एक शहर को केवल एक ही पुरस्कार देने का नियम लागू किया था। जिस श्रेणी में शहर को पुरस्कार मिला, उसे अगली श्रेणी की रैंकिंग से हटा दिया गया। इसी प्रक्रिया के कारण इंदौर की रैंकिंग को लेकर भ्रम की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने जल्द पोर्टल लाइव होने की बात कही है। एक-दो दिन में पोर्टल शुरू होने के बाद अंकों और रैंकिंग की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here