Homeमध्यप्रदेशस्पोर्ट्स जर्सी, हाथ में किटबैग...अंदर गांजा:टूर्नामेंट के नाम पर ट्रेन सफर और...

स्पोर्ट्स जर्सी, हाथ में किटबैग…अंदर गांजा:टूर्नामेंट के नाम पर ट्रेन सफर और तस्करी का नया खेल, कैसे जरूरतमंद लड़कियों का हो रहा इस्तेमाल

जर्सी पहनकर खिलाड़ी बनिए, टीम के साथ ट्रेन में बैठिए और टूर्नामेंट खेलने दूसरे राज्य पहुंच जाइए… सुनने में यह किसी स्पोर्ट्स टीम का सामान्य सफर लगता है। लेकिन इसी सफर में खिलाड़ियों के बैग में स्पोर्ट्स किट की बजाय गांजा या ड्रग्स हो तो? मध्य प्रदेश में तस्करी के मामलों की पड़ताल में ऐसा ही तरीका सामने आया है। इसमें जरूरतमंद लड़कियों को खिलाड़ी, कोच और सपोर्ट स्टाफ के तौर पर टीम में शामिल करने के बाद उनके जरिए तस्करी कर अवैध पदार्थ दूसरे राज्यों तक पहुंचाए जाते हैं। बीते कुछ महीनों में प्रदेश में महिलाओं को गांजे की तस्करी करते पकड़ा गया। भास्कर ने ऐसे ही मामलों की पड़ताल की तो पता चला कि स्पोर्ट्स टीम, स्टूडेंट या सामान्य यात्री के रूप में सफर करने के कारण उन पर आसानी से शक नहीं होता। हमने एक ऐसी युवती से भी बात की, जो इस नेटवर्क में कैरियर बनकर तस्करी में शामिल होने के मामले में जेल जा चुकी है। पढ़िए रिपोर्ट… पहले पढ़िए वे 4 मामले, जिनमें लेडी कैरियर को पकड़ा गया 1. स्कूल बैग में गांजे के पैकेट, छात्र-छात्रा गिरफ्तार अगस्त 2026, जबलपुर: क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस ने स्टूडेंट यूनिफॉर्म में तस्करी कर रहे युवक-युवती को गिरफ्तार किया। दोनों के पास स्टूडेंट बैग थे। तलाशी में बैग से तीन-तीन पैकेट में कुल 11 किलो गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपए बताई गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय संध्या सरोते और 22 वर्षीय हिमांशु बावरिया के रूप में हुई। दोनों मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। क्राइम ब्रांच एएसपी जितेंद्र सिंह के मुताबिक, दोनों ओडिशा से गांजा लेकर आए थे और स्थानीय तस्कर को डिलीवरी देने जा रहे थे। किसी को संदेह न हो इसलिए गांजे के पैकेट को कोचिंग संस्थान के लोगो वाले बैग में किताबों की तरह रखा गया था। 2. ओडिशा से गांजा सप्लाई करवाने वाली महिला गिरफ्तार सितंबर 2026, जबलपुर: जीआरपी ने ओडिशा से लीजा रानी साहू को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह ट्रेनों के जरिए जबलपुर और आसपास के इलाकों में गांजे की सप्लाई करवाती थी। जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के मुताबिक, पहले गिरफ्तार की गई एक लड़की से पूछताछ और जांच के दौरान लीजा रानी की भूमिका सामने आई थी। इसके बाद से वह फरार थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि ओडिशा से गांजा किन लोगों के जरिए भेजा जाता था, जबलपुर में इसकी सप्लाई किसे होती थी और नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। 3. ओडिशा की महिला ट्रेन से गांजा लेकर पहुंची जबलपुर जबलपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने 22 वर्षीय श्रीयंका बहेरा को गिरफ्तार किया। ओडिशा की रहने वाली श्रीयंका वलसाड-पुरी एक्सप्रेस से करीब 3 किलो गांजा लेकर जबलपुर पहुंची थी। उसने गांजा अपने बैग में छिपा रखा था। डिलीवरी से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। केस दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। 4. रायसेन की महिला के बैग से मिला 5.342 किलो गांजा अक्टूबर 2026, जबलपुर: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर जीआरपी ने 35 वर्षीय बैदेही बाई को 5.342 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। रायसेन की रहने वाली बैदेही ओडिशा के बरगढ़ जिले में रह रही थी। आरोप है कि वह वहीं से गांजे की तस्करी कर रही थी। तलाशी में उसके कपड़े के थैले से सफेद कपड़े में लिपटे पांच पैकेट मिले। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 33 हजार 550 रुपए बताई गई। अब महिला खिलाड़ी की आपबीती पढ़िए- मैं प्लेयर और कोच भी हूं। जिला और स्टेट लेवल पर गेम्स खेलती हूं। टूर्नामेंट के लिए अलग-अलग राज्यों में जाना होता है। कोलकाता, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश समेत कई जगह टूर्नामेंट खेलने गई हूं। एक बार पुलिस ने मुझे भी पकड़ा था। मेरे बैग में गांजा मिला था। मैं गरीब परिवार से हूं। आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई भी नहीं कर पाई।
ओडिशा में गांजे की तस्करी में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। इनमें नेता, कोच, टीचर या गांव में रहने वाली महिलाएं भी हो सकती हैं। मुझे पैसों की जरूरत थी। मैं टूर्नामेंट खेलने मध्यप्रदेश जा रही थी, तभी मुझे एक बैग तय व्यक्ति तक पहुंचाने का काम दिया गया। इसके बदले अच्छी रकम मिलने का लालच दिया गया। इस नेटवर्क में सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि कई खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी शामिल रहे हैं। कई बार पेशेवर खिलाड़ी नहीं होने के बावजूद गरीब और जरूरतमंद लड़कियों को टीम में शामिल कर लिया जाता है। फिर टूर्नामेंट के बहाने उनसे गांजे की खेप पहुंचवाई जाती है। स्पोर्ट्स कपड़े पहनकर टीम के साथ सफर करने से हम पर आसानी से शक नहीं होता। एक खेप पहुंचाने के बदले 20 से 30 हजार रुपए तक दिए जाते हैं। पैसों की जरूरत में मैं भी इस काम में शामिल हो गई थी, लेकिन बाद में पकड़ी गई और जेल भी जाना पड़ा। (जैसा महिला खिलाड़ी ने भास्कर रिपोर्टर को बताया) ओडिशा से नागपुर-रायपुर रूट पर ज्यादा तस्करी जबलपुर क्राइम ब्रांच के एएसपी जितेंद्र सिंह के मुताबिक, ओडिशा से नागपुर और रायपुर रूट के जरिए गांजे की तस्करी के मामले ज्यादा सामने आते हैं। तस्कर ज्यादातर ट्रेन के जनरल कोच में सफर करते हैं। इस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण भीड़ में छिपना आसान होता है। इसके अलावा बसों और निजी गाड़ियों का इस्तेमाल भी किया जाता है। एएसपी के मुताबिक, ओडिशा में गांजा करीब 2 से 5 हजार रुपए प्रति किलो में मिल जाता है, जबकि मध्य प्रदेश में इसकी कीमत 20 हजार रुपए प्रति किलो तक पहुंच जाती है। तस्करी करने वालों को एक किलो पर करीब 10 से 15 हजार रुपए तक मिल जाते हैं। जल्दी पैसे कमाने के लालच में युवा, छात्र और लड़कियां इस नेटवर्क में फंस जाते हैं। जरूरतमंद महिलाओं को बनाया जा रहा कैरियर जबलपुर जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के मुताबिक, हाल के दिनों में लड़कियों और महिलाओं की तस्करी के मामलों में संलिप्तता सामने आई है। तस्कर गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को पैसे का लालच देकर कैरियर के तौर पर इस्तेमाल करते हैं। महिलाओं के सामान्य यात्री, स्टूडेंट या स्पोर्ट्स टीम के सदस्य के रूप में सफर करने पर पुलिस आसानी से संदेह नहीं करती। कई बार निजी सामान के बीच अवैध पदार्थ छिपाकर ले जाए जाते हैं। संजीवनी राजपूत के मुताबिक, एक कबड्डी खिलाड़ी को भी तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। जीआरपी ऐसे मामलों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिलाओं और लड़कियों को इस नेटवर्क में कौन शामिल कर रहा है और इनके पीछे कौन से बड़े तस्कर हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here