Homeमध्यप्रदेशसॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत की जांच में पत्नी-बेटी से पूछताछ:बेटी बोली- पापा...

सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत की जांच में पत्नी-बेटी से पूछताछ:बेटी बोली- पापा छत से कूद नहीं सकते, मां को 8 बार फोन किया

इंदौर के लसूड़िया इलाके के त्रिवेणा होटल से कूदने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर राजकुमार यादव की पत्नी और बेटी से एएसआई कृष्णा भोंडे ने पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने बेटी से पूछा कि आखिरी बार पिता से उसकी क्या बातचीत हुई थी। पत्नी सरवरी बेगम के भी बयान दर्ज किए गए। बेटी सुमन ने बताया कि पिता के पास पैसे नहीं थे, इसलिए उसने उनके अकाउंट में 500 रुपए ट्रांसफर किए थे। पिता बार-बार मां को फोन लगाने के लिए कह रहे थे, लेकिन मां सरवरी उनका फोन नहीं उठा रही थीं। पुलिस को दिए बयान में बेटी ने बताया कि पिता करीब 8 बार मां से बात कर उनका हालचाल पूछते रहे। साथ ही यह भी कहा कि मां की तबीयत खराब होने के कारण वह फोन नहीं उठा रही थीं। लसूड़िया थाने में शुक्रवार रात सरवरी बेगम और उनके पहले पति से हुई बेटी सुमन उर्फ कायनात खातून पहुंची थीं। यहां उनकी एएसआई कृष्णा भोंडे से बातचीत हुई। सुमन ने कहा कि उसके पिता होटल के छत के ऊपर से छलांग नहीं लगा सकते। बेटी के मुताबिक, राजकुमार ने उससे पेमेंट भेजने के लिए कहा था, ताकि मां सरवरी बेगम और बेटी की टिकट कराई जा सके। पिता ने यह भी कहा था कि वह मां को भेज दे, क्योंकि उनके भोपाल जाने पर मां और बहन परेशान हो जाती हैं। उन्होंने कोलकाता तक जाने की व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई थी। मां और राजकुमार के साथ हुई थी मारपीट कुछ दिन पहले राजकुमार की पत्नी प्रीति यादव, उनकी मां और भाई ने राजकुमार और सरवरी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद सरवरी काफी डर गई थीं। बेटी ने बताया कि राजकुमार कोलकाता से मां सरवरी बेगम को इंदौर यह कहकर लाए थे कि यहां कामकाज मिलेगा और परिवार से भी मदद मिल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मां की पहली शादी के बारे में बताने से किया इनकार एएसआई कृष्णा भोंडे ने सुमन से उसकी मां की पहली शादी को लेकर भी पूछताछ की, लेकिन उसने इस बारे में बताने से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि इस पूरे मामले से उसके पहले पिता का कोई लेना-देना नहीं है। राजकुमार यादव के बारे में जानकारी देते हुए सुमन ने बताया कि जब वह बेंगलुरु में थे, तब वह उनके साथ रहती थी। बाद में राजकुमार ने भोपाल शिफ्ट होने की बात कही तो सुमन और उसका भाई नाना-नानी के पास चले गए। भोपाल में रहने के दौरान उसका भाई कई बार मां सरवरी बेगम से मिलने आया, लेकिन बाद में वह अपने पहले पिता के पास रहने चला गया। अब वह उनके साथ नहीं रहता। सुमन ने बताया कि उसकी मां ही राजकुमार की पहली पत्नी हैं। सरवरी बेगम ने पूछताछ में बताई पूरी घटना सरवरी बेगम ने पुलिस को होटल आने से लेकर वहां से जाने तक की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि होटल संचालक रजत ने उनके आभूषण गारंटी के तौर पर रख लिए थे। चेकआउट के समय उनका वीडियो बनाया गया और इसी दौरान जेवर वापस किए गए। सरवरी ने बताया कि राजकुमार से करीब 8 बार फोन पर बात हुई थी। इस दौरान वह उन्हें वापस आने के लिए कह रहे थे। साथ ही पेमेंट की व्यवस्था करने को कह रहे थे और भरोसा दिला रहे थे कि जल्द ही सब कुछ ठीक कर देंगे। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि होटल कर्मचारियों के जरिए उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली थी। पूछताछ के दौरान सरवरी ने अपनी तबीयत खराब होने की बात भी कही और अपने बयानों को सही बताया। शनिवार को सरवरी बेगम और उनकी बेटी सुमन ने कोलकाता जाने की बात कही। 2007 में हुई थी सरवरी से मुलाकात, 2010 में प्रीति से शादी पुलिस पूछताछ में सरवरी ने बताया कि उनकी राजकुमार से पहली मुलाकात 2007 में बेंगलुरू एयरपोर्ट पर हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने 29 दिसंबर 2007 को शादी कर ली थी। सरवरी के मुताबिक, इससे पहले 18 मार्च 2002 को उनकी कोलकाता में शादी हुई थी। पहले पति से उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। उन्होंने बताया कि पहले पति की नशे की आदतों से परेशान होकर वे उनसे अलग हो गई थीं। पुलिस के अनुसार, राजकुमार ने 2010 में प्रीति यादव से भी परिवार की सहमति से शादी की थी। कुछ समय तक दोनों भोपाल में साथ रहे। बाद में पारिवारिक विरोध के चलते राजकुमार सरवरी के साथ रहने लगे और प्रीति अपने परिजन के साथ रहने लगीं। परिवार का आरोप है कि सरवरी के संपर्क में आने के बाद राजकुमार ने उन्हें लाखों रुपए दिए और परिवार से दूरी बना ली। परिजनों ने उन्हें इस रिश्ते से अलग होने के लिए भी कहा था। दूसरी ओर, सरवरी ने पुलिस को बताया कि राजकुमार के पिता, भाई और प्रीति ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया था और उन्हें परिवार से अलग कर दिया था। मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…. रिटायर्ड DSP का इंजीनियर बेटा चौथी मंजिल से कूदा, मौत इंदौर के निपानिया स्थित त्रिवेणा होटल की चौथी मंजिल से कूदकर एक युवक ने सुसाइड कर लिया। उसकी पहचान 46 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर राजकुमार यादव के रूप में हुई है। राजकुमार पिछले करीब डेढ़ महीने से अपनी पत्नी सरवरी बेगम और 8 साल की बेटी के साथ होटल में रह रहे थे। पढ़िए पूरी खबर।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here