Homeमध्यप्रदेशसीएम बोले- नंबर-1 दुग्ध उत्पादक राज्य बनना हमारा लक्ष्य:ग्वालियर के कुलैथ में...

सीएम बोले- नंबर-1 दुग्ध उत्पादक राज्य बनना हमारा लक्ष्य:ग्वालियर के कुलैथ में पशुपालक सम्मेलन; हितग्राहियों को 382 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए

ग्वालियर के कुलैथ में आयोजित पशुपालन सम्मेलन सह पशु मेले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान किसानों और पशुपालकों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन और संबल योजना के हितग्राहियों के खातों में 382 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की। उन्होंने पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताया। कार्यक्रम में मंत्री नारायण सिंह, सांसद भारत सिंह, अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव और ग्रामीण जिला अध्यक्ष शिवराज यादव मौजूद रहे। बड़ी संख्या में किसान और पशुपालक भी सम्मेलन में शामिल हुए। खेती के साथ पशुपालन पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष महत्व रखती है। खेती के साथ पशुपालन, मछली पालन, बकरी पालन और कुक्कुट पालन ग्रामीण परिवारों की समृद्धि के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सरकार किसानों और श्रमिक परिवारों की आर्थिक मजबूती के लिए लगातार काम कर रही है। 41 लाख से अधिक हितग्राहियों को राशि मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रदेश के 34 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 207 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की। वहीं, संबल 2.0 योजना के तहत 7 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों को 175 करोड़ रुपए की अनुग्रह सहायता राशि जारी की। दूध उत्पादन में नंबर-1 का लक्ष्य मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में दुग्ध उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर है। देश के कुल दूध उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 9 प्रतिशत है। सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश का नंबर-1 दुग्ध उत्पादक राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ढाई करोड़ से अधिक पशुधन है। अब नस्ल सुधार और उन्नत पशुपालन पर विशेष जोर दिया जाएगा। ग्वालियर में करीब 70 हजार पशुपालक चार लाख से अधिक पशुधन की देखभाल कर रहे हैं। जिले में प्रतिदिन 605 मीट्रिक टन दूध का उत्पादन हो रहा है। उन्नत पशुपालन और गौ-संरक्षण से किसानों की समृद्धि का संकल्प सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार आईवीएफ (IVF) तकनीक के माध्यम से एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराएगी, जिससे गुजरात की तर्ज पर पशुधन की गुणवत्ता सुधारकर दूध की पैदावार को कई गुना बढ़ाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ‘सांची’ और सहकारिता के माध्यम से घर-घर गौपालन व प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है, और नगर निगम से लेकर पंचायत स्तर तक निराश्रित गौमाता के भरण-पोषण और संरक्षण का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने का संकल्प लिया गया है। सड़कों के निर्माण की घोषणा मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के क्षेत्र में उपलब्धि के लिए ग्वालियरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर सहित प्रदेश के कई शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए उन्होंने जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रुपए देने और कुलैथ सहित आसपास के गांवों में कई सड़कों के निर्माण की घोषणा की। पारंपरिक खेलों का लिया आनंद सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पारंपरिक पशुपालन और ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों का भी आनंद लिया। पशु मेले में किसानों और पशुपालकों के सम्मान के साथ ग्रामीण परंपराओं की झलक भी देखने को मिली।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here