स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनने वाले ग्वालियर में शुक्रवार को सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सफाई मित्रों और स्वच्छता इन्फ्लुएंसर्स पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम शुरू किया और बाद में सफाई मित्रों के साथ बैठकर भोजन किया। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, महापौर शोभा सिकरवार, नगर निगम सभापति मनोज सिंह तोमर और सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर को स्वच्छता के क्षेत्र में मिली पहचान सफाई मित्रों की मेहनत, समर्पण और सेवा का नतीजा है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र सर्दी, गर्मी, बारिश और त्योहारों की परवाह किए बिना शहर को साफ रखने में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से स्वच्छता का संदेश देकर देश में इसे जनआंदोलन बनाया। स्वच्छता भारतीय संस्कृति और परंपरा का भी हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देशभर को मिले 57 पुरस्कारों में से 9 मध्यप्रदेश को मिले। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की सफलता में आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी की भूमिका रही। उन्होंने बताया कि शहर के 66 वार्डों में 10 हजार से अधिक नागरिक स्वच्छता अभियान से जुड़े। कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों की व्यवस्था की गई और कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या 239 से बढ़ाकर 274 की गई। अतिरिक्त परिवारों को भी नियमित सफाई सेवाओं से जोड़ा गया। एक रुपए वाले अभियान की भी तारीफ की
मुख्यमंत्री ने नगर निगम के ‘स्वच्छता की दिवाली एक रुपए वाली’ अभियान की सराहना की। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 26 हजार से अधिक अनुपयोगी वस्तुएं एकत्रित कर जरूरतमंदों को मात्र एक रुपए में उपलब्ध कराई गईं। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए 500 से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए गए और उन्हें सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए।
सफाईदूतों के साथ किया सहभोज मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई मित्र स्वच्छता की इस उपलब्धि के असली हकदार हैं। सरकार के लिए शहर को स्वच्छ बनाने के साथ सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना भी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्वालियर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ स्वच्छता की नई उपलब्धि जुड़ने पर खुशी जताई। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री सफाईदूतों के साथ भोजन करने बैठे। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों के साथ भोजन करना उनके लिए भी दीपावली जैसा अनुभव है।
