सिवनी मालवा की उपनगरी बानापुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नर्मदापुरम-हरदा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। यह प्रदर्शन सांसद कार्यालय के सामने खुदी पड़ी सड़क और दो हफ्ते से बंद पड़े निर्माण कार्य के विरोध में किया गया। चक्काजाम करीब डेढ़ घंटे तक चला, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। हालांकि पुलिस ने समय रहते वैकल्पिक मार्गों से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि सड़क के गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ठेकेदार के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम मौके पर पहुंचे तहसीलदार नितिन झोड़ ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग पर एमपीआरडीसी के अधिकारियों और सड़क निर्माण ठेकेदार शैलेन्द्र सिंह को मौके पर बुलाया गया। लंबी चर्चा के बाद ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि अगले बुधवार तक सड़क निर्माण का काम फिर से शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही, काम शुरू होने तक सड़क के गड्ढों के पास बैरिकेडिंग और संकेतक लगाए जाएंगे ताकि हादसे न हों। इस आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
