सिंगरौली पुलिस ने बैढ़न बस स्टैंड से अगवा हुई दो वर्षीय बच्ची मनीषा सिंह गोड़ को 36 घंटे के भीतर झारखंड से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में करीब 200 से ज्सादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसके बाद झारखंड के लातेहार निवासी विनोद महतो को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अभी तक अपहरण के पीछे के मकसद का पता नहीं लगा पाई है। पिता के पास सो रही थी बच्ची जानकारी के अनुसार, जियावन थाना क्षेत्र के नगौरा चटनिया टोला निवासी अर्जुन सिंह 15 मई की रात अपनी बेटी मनीषा के साथ बैढ़न बस स्टैंड पर सो रहे थे। देर रात जब उनकी नींद खुली, तो बच्ची गायब थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद बैढ़न थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष अभियान चलाया। बच्ची की तलाश के लिए 10 टीमें गठित की गईं। पुलिस ने बैढ़न शहर और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल, सुनसान इलाकों, डैम और नालों तक में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। CCTV फुटेज में दिखा आरोपी जांच के दौरान, सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर पुलिस नौगढ़ पहुंची, जहां से झारखंड का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम झारखंड के लातेहार पहुंची और आरोपी विनोद महतो के घर से बच्ची मनीषा को सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लगातार तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस टीमों के समन्वित प्रयासों से बच्ची को सुरक्षित बरामद किया जा सका। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि अपहरण के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। सिंगरौली लाने की प्रक्रिया जारी फिलहाल, आरोपी और बच्ची दोनों झारखंड में ही हैं। उन्हें मध्य प्रदेश के सिंगरौली लाने की प्रक्रिया चल रही है। संभवतः मंगलवार तक दोनों सिंगरौली पहुंच जाएंगे। पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार अपने बयान बदल रहा है, इसलिए पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि अपहरण मानव तस्करी के लिए किया गया था या कोई अन्य कारण था। यह खबर भी पढ़ें… पिता के साथ सो रही दो वर्षीय बच्ची लापता:सिंगरौली के बैढ़न बस स्टैंड की घटना; बस में मिला युवक भी गायब सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड से एक दो वर्षीय बच्ची लापता हो गई है। शनिवार देर रात हुई इस घटना की सूचना मिलते ही बैढ़न कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। लापता बच्ची की पहचान मनीषा सिंह (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अर्जुन सिंह की बेटी है और नगोरा चटनिया टोला, थाना जियावन की निवासी है। जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह शनिवार रात ऑडी मोड़ से बैढ़न आए थे। देर रात कोई वाहन या परिचित न मिलने के कारण वे अपनी बेटी के साथ बस स्टैंड परिसर में ही रुक गए थे।
