पन्ना सरकारी जमीन से कब्जा हटवाने के बाद रक्सेहा की महिला सरपंच शेफाली दास ने एक युवक पर घर में घुसकर धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने रविवार को कोतवाली पन्ना में लिखित शिकायत देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। कब्जा हटाने के बाद से रंजिश का आरोप शेफाली दास ने शिकायत में बताया कि गांव के निवासी विकास वाजपेयी, पिता प्रदीप वाजपेयी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। पंचायत ने कार्रवाई करते हुए बेदखली का आदेश जारी किया और जमीन से कब्जा हटवाया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद से विकास उनसे रंजिश रखने लगा था। वह पहले भी दो-तीन बार उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज कर चुका था। घर में घुसकर धमकाने का आरोप शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे विकास वाजपेयी जबरन शेफाली दास के घर में घुस आया। उसने सरपंच और उनके पति दीपक दास के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। दीपक दास सरपंच प्रतिनिधि हैं। आरोप है कि युवक ने उन्हें देख लेने और अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। शेफाली दास ने शिकायत के साथ सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के आदेश की प्रति भी पुलिस को दी है। उन्होंने विकास वाजपेयी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
