श्योपुर जिला अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार शाम मरीजों का इलाज कर रहे एक डॉक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी लखन जाट निवासी राडेप के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, जान से मारने की धमकी और मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, जिला अस्पताल में तैनात डॉ. जितेंद्र सिंह यादव गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे ओपीडी के कमरा नंबर-6 में मरीजों को देख रहे थे। इसी दौरान लखन जाट वहां पहुंचा और सरकारी काम में रुकावट डालते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने डॉ. यादव के साथ मारपीट कर दी, जिससे उनके बाएं गाल और गर्दन पर चोटें आईं। शोर सुनकर डॉ. ललित शर्मा और अस्पताल के दूसरे स्टाफ ने बीच-बचाव किया। घटना के बाद घायल डॉक्टर का मेडिकल कराया गया। आरोपी पर लगीं कई सख्त धाराएं डॉ. जितेंद्र सिंह यादव की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी लखन जाट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 351(3), 115(2) और 132 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश चिकित्सा और चिकित्सा से संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा अधिनियम (मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट), 2008 की धारा 3/4 भी लगाई गई है, जो ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों पर हमले के मामले में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान करती है। विवाद की वजह तलाश रही पुलिस पुलिस ने बताया कि यह हमला उस समय हुआ जब डॉ. यादव ओपीडी में मरीजों की जांच कर रहे थे। आरोपी अस्पताल क्यों पहुंचा था और उसने यह विवाद क्यों शुरू किया, पुलिस इन सभी कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
