ग्वालियर के पॉश और व्यस्ततम इलाके सिटी सेंटर स्थित आनंद मार्ट के बाहर सोमवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां सड़क पर जा रही एक स्विफ्ट कार MP07 CG-6076 के बोनट में अचानक भीषण आग लग गई। इंजन से धुआं और लपटें निकलते देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के चलते कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित रहा। कार किसकी है इसका पता लगाया जा रहा है। आनंद मार्ट के कर्मचारी ने दिखाया साहस कार में आग लगते ही आसपास के लोग और राहगीर सहम गए। इसी बीच पास स्थित आनंद मार्ट के कर्मचारी ने मुस्तैदी दिखाई और तुरंत दुकान में रखा फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) लेकर कार की तरफ दौड़ा। कर्मचारी की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे कार पूरी तरह स्वाहा होने से बच गई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के इंजन में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि आग पर सही समय पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई थी, जिसे बाद में सुचारू कराया गया।
