कूनो क्षेत्र के बमोरी गांव में रविवार सुबह करीब 5 बजे दो चीते गांव के बाहर बने मकान में घुस गए और आंगन में बंधे गाय के दो बछड़ों का शिकार कर लिया। बछड़ों के चिल्लाने की आवाज सुनकर टपरी में खटिया पर सो रहे सोमलावीर सिंह और उनकी पत्नी की नींद खुली। सामने दो चीते देखकर दंपती कुछ देर सांसें थामें लेटे रहे और मौके पाते ही जान बचाकर वहां से भागे। सूचना पाकर ग्रामीण मौका पात पर पहुंचे और चीतों को जंगल की ओर खदेड़ दिया। चीतों के हमले में दोनों बछड़ों की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की मॉनिटरिंग टीम मौके पर पहुंची और गांव के बाहर तैनात हो गई। गांव में दहशत: ग्रामीणों की चिंता- खेतों में पानी कैसे दें घर के आंगन में चीतों के पहुंचने से गांव में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों किसान रात में फसलों को पानी देने खेतों पर जाते हैं। ऐसे में चीतों की मौजूदगी से उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। वर्तमान में कूनो नेशनल पार्क में 53 चीते हैं, इनमें से 15 खुले जंगल में घूम रहे हैं।
