केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि कश्मीर अब स्थानीय स्तर पर भर्ती किए आतंकियों से मुक्त हो गया है। शाह ने यह बात नई दिल्ली में आयोजित आतंकवाद विरोधी सम्मेलन में कही। शाह ने ये भी कहा कि देश से आतंकवाद, ऑर्गनाइज्ड क्राइम और ड्रग्स संबंधी समस्याओं को खत्म कर देंगे। जो अपराधी विदेश भाग गए हैं, उनको भारत लाना जरूरी है। हम 2019 से 36 देशों से 303 भगोड़ों को देश वापस लाए हैं। बुधवार को कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया था। उस पर 15 लाख का इनाम था और वह 11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर हुए हमले में वॉन्टेड था। इस हमले में 3 जवान घायल हुए थे। शाह बोले- आतंकी फंडिंग नेटवर्क तोड़ने पर जोर शाह ने कहा कि पूरे आतंकी फंडिंग नेटवर्क को तोड़ना जरूरी है। इसके लिए वित्तीय जांच से जुड़ी एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाना होगा। शाह के मुताबिक, अब देश में हर पुलिस स्टेशन तक आतंकवाद से निपटने की एक समान रणनीति लागू की जा रही है।कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारका से कामाख्या तक देश में इस व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। शाह ने ये भी कहा कि 11 राज्यों की पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक ही रात में PFI नेटवर्क को बड़ा झटका दिया। यह अभियान पूरी दुनिया के लिए केस स्टडी बन गया है। लतीफ मस्जिद में छिपा था मुठभेड़ से पहले जवानों ने लतीफ भट को वीडियो कॉल कर सरेंडर करने के लिए कहा। वह एक मस्जिद में छिपा था। पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, ‘हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।’ लतीफ ने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।’ सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी। इसके बाद से दोनों फरार थे। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में दोनों आतंकियों को पुलिस ने घेर लिया था। फायरिंग में उमर मारा गया, लेकिन लतीफ भाग निकलने में कामयाब हो गया था। उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। दो दिन बाद फिर देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपे होने की जानकारी मिली थी। ——————- यह खबर भी पढ़ें… कश्मीर में मारा गया आतंकी लतीफ भट पहले बढ़ई था:पिछले साल 17 नवंबर को लश्कर में शामिल हुआ, दो दिन बाद लापता की रिपोर्ट दर्ज जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लतीफ आतंकी बनने से पहले बढ़ई (कारपेंटर) था। लतीफ पिछले साल 17 नवंबर को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। पूरी खबर पढ़ें…
