वृंदावन धाम में शनिवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन किए। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों को जवाब दिया। शास्त्री ने कहा कि यदि ट्रोलिंग और पोस्ट डालना पूरा हो गया हो तो अब मथुरा आकर कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर साथ बैठें। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “हम ठाकुर जी के यहां हमेशा आते रहते हैं। पुनः ठाकुर जी के दर्शन किए और प्रार्थना भी की। जो लोग सोशल मीडिया पर हमें ट्रोल करते रहते हैं और पोस्ट डालते रहते हैं, यदि उनकी पोस्ट और ट्रोलिंग पूरी हो गई हो तो तुम भी हमारी तरह बिहारी जी आकर कृष्ण जन्मभूमि मथुरा में जो औरंगजेब का कलंक लगा है, उसके लिए आओ। हमारे साथ बैठो।” बोले- सनातन का रथ मथुरा की ओर मोड़ दो उन्होंने कहा, “हम सब लोग मिलकर, ब्रजवासी और सनातनी मिलकर उस कलंक को मिटाने का उपाय निकालें। एक जोर दे मथुरा की ओर, अब सनातन का रथ मोड़ दे, वरना तुम सनातनी नहीं, तनातनी हो।” शास्त्री ने कहा कि वे ठाकुर जी के दर्शन करने आए हैं। उन्होंने अंत में बांके बिहारी के स्वरूप का जिक्र करते हुए कहा, “हमारे बांके बिहारी जी टेढ़े हैं, त्रिभंगी रूप में। राधे-राधे।” राम-कृष्ण की तुलना वाले बयान पर हुआ था विरोध धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना को लेकर पहले भी विवादों में रहे हैं। 29 अक्टूबर 2026 को शिवपुरी के करैरा में रामकथा के दौरान उन्होंने कहा था कि हमारे राम सीधे हैं और तुम्हारे कृष्ण टेढ़े। उन्होंने बांसुरी बजाने और धनुष चलाने को लेकर भी टिप्पणी की थी। इस बयान के सामने आने के बाद यादव समाज के लोगों ने विरोध जताया था। अखिल भारतीय यादव महासभा ने इसे भगवान श्रीकृष्ण के अपमान से जोड़ते हुए धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था। महासभा ने 13 नवंबर को छतरपुर में एकत्र होकर बागेश्वर धाम तक रैली निकालने और तालाबंदी करने की बात कही थी। पुलिस ने रोका तो धाम समर्थकों ने हाईवे पर लगाया जाम 13 नवंबर को प्रदर्शन के लिए यादव महासभा के कार्यकर्ता छतरपुर में एकत्र हुए। पुलिस ने उन्हें बागेश्वर धाम की ओर बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद बागेश्वर धाम के समर्थक भी विरोध में उतर आए। समर्थकों ने बृजपुरा के पास नेशनल हाईवे-39 पर जाम लगा दिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका के चलते पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शन के दौरान यादव महासभा के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया। विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान राम और श्रीकृष्ण में कोई अंतर नहीं है। यदि उनकी बात से किसी की भावना आहत हुई है तो वे इसके लिए माफी मांगते हैं। बयान के बाद यूपी की सियासत में भी बढ़ा विवाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना वाले बयान पर मध्यप्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश में भी राजनीतिक विरोध सामने आया था। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान को ईशनिंदा बताते हुए धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम रद्द करने और उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री को अब न ब्रज में प्रवेश मिलेगा और न अवध में। राजभर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अखिलेश को घेरा अखिलेश के बयान पर योगी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण से क्या मतलब है? उन्हें मथुरा जाकर दर्शन करने चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी रामचरितमानस की चौपाई का हवाला देकर अखिलेश पर निशाना साधा था। उन्होंने अखिलेश को ‘इच्छाधारी हिंदू’ बताने वाला वीडियो भी साझा किया था।
