खरगोन के महेश्वर में शुक्रवार सुबह कार और ट्राला की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार मोनेश पाटीदार की मौत हो गई। वह करोंदिया का रहने वाला था। उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मोनेश का शव कार में ही फंस गया था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। हादसा धामनोद-बड़वाह मार्ग पर होटल सनातन और हरसिद्धि रेस्टोरेंट के बीच हुआ। हादसे के बाद की 3 तस्वीरें देखिए… शादी की शॉपिंग कर लौट रहे मां और बेटे मृतक मोनेश की सगाई मंडलेश्वर में हो चुकी थी और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी सिलसिले में मां और बेटे शादी की शॉपिंग करने गए थे। मोनेश अपनी मां के साथ धामनोद से शादी की खरीदारी करके गांव करोंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रही ट्रॉला से टकरा गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। पिता के बाद मां और बेटा ही थे परिवार का सहारा मोनेश के पिता महेंद्र पाटीदार बोस का 2019-20 में निधन हो गया था। वे उमिया माता मंदिर के सचिव थे। पिता की मौत के बाद परिवार में मां और इकलौते बेटे मोनेश ही एक-दूसरे का सहारा थे। हादसे में मोनेश की मौत की खबर से करोंदिया गांव सहित पूरे इलाके में शोक छा गया। मां की हालत गंभीर, पुलिस ने शुरू की जांच हादसे में घायल मोनेश की मां को इलाज के लिए सिविल अस्पताल महेश्वर भेजा गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार में फंसे मोनेश के शव को बाहर निकलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
