ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र के गुढ़ा-गुढ़ी का नाका स्थित सरकारी मल्टी (जी-ब्लॉक) में सनसनीखेज वारदात हुई है। पिछले डेढ़ साल से लिव-इन-रिलेशन में रह रहे बॉयफ्रेंड के शादीशुदा होने की असलियत जब महिला के सामने आई, तो उसने दूरी बना ली। इसी बात से नाराज सिरफिरे प्रेमी ने महिला के घर पहुंचकर पहले जमकर हंगामा किया, फिर कमरे में बंधक बनाकर उसे जबरन चूहा मारने की दवा खिला दी और पानी पिला दिया। घटना 12 मई की शाम 5 बजे से 5:30 बजे के बीच की है। कंपू थाना पुलिस ने सोमवार रात को महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा कृत्य करने का मामला दर्ज किया है। पति से चल रहा था विवाद, झांसे में लेकर रहने लगा साथ पीड़ित 40 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पिछले 9 साल से अपने पति से विवाद चल रहा है और वह अकेले रहती है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी पहचान पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहने वाले पिंटू रजक से हुई थी। महिला के मकान की ऊपरी मंजिल पर पिंटू के चाचा रहते हैं, जिसके कारण उसका वहां आना-जाना था। पिंटू ने महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर दोनों लिव-इन-रिलेशन में रहने लगे। डेढ़ साल से दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। सच सामने आते ही महिला ने बंद की बातचीत कुछ समय पहले महिला को कहीं से भनक लगी कि पिंटू पहले से शादीशुदा है और उसने यह बात उससे छुपाकर रखी थी। धोखे का अहसास होते ही महिला ने पिंटू से दूरी बना ली, उससे मिलना-जुलना और बातचीत करना पूरी तरह बंद कर दिया। रिश्ता टूटने से बौखलाया पिंटू लगातार महिला पर दोबारा बात करने का दबाव बना रहा था। 70 से ज्यादा कॉल किए घटना वाले दिन (12 मई को) पिंटू ने महिला को फोन कर मिलने की जिद की, लेकिन महिला ने मना कर दिया। महिला, बहनों के साथ वाटरपार्क चली गई। वाटरपार्क में मोबाइल लॉकर में होने के कारण महिला फोन नहीं देख पाई। इस दौरान आरोपी ने उसे 70 से ज्यादा कॉल किए। जब महिला ने लॉकर से फोन निकाला, तो उसके पड़ोसी का कॉल आया। पड़ोसी ने बताया कि पिंटू उसके घर के बाहर खड़ा होकर सरेआम गाली-गलौज कर रहा है और हंगामा मचा रहा है। कमरे में ले जाकर किया गलत काम, फिर दी जहर की पुड़िया हंगामे की खबर मिलते ही महिला जब अपने घर पहुंची, तो पिंटू वहां पहले से घात लगाए बैठा था। उसने बातचीत करने के बहाने महिला को कमरे के अंदर खींचा और दरवाजा बंद कर लिया। पीड़ित महिला का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसके साथ गलत काम (दुष्कर्म) किया और फिर जबरन उसके मुंह में चूहा मारने की दवा (जहर) ठूंस दी। पीड़िता आरोप-पुलिस ने डांटा और अधूरी FIR लिखी इस जानलेवा हमले के बाद पीड़िता किसी तरह कंपू थाने पहुंची और पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। हालांकि, इस मामले में पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शिकायत दर्ज करने के बजाय थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उल्टा उसे ही डांट फटकार लगाई और उसकी शिकायत में से कई महत्वपूर्ण बातें (गलत काम करने का आरोप) हटाकर अधूरी एफआईआर दर्ज की। जबकि पुलिस का कहना है कि मामला मीडिया में आने के बाद कंपू थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। सीएसपी रोबिन जैन का कहना महिला की शिकायत पर आरोपी पिंटू रजक के खिलाफ जहरीला पदार्थ खिलाकर जान जोखिम में डालने और गाली-गलौज करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।
