Homeमध्यप्रदेशविधायक ने नहीं सुनी तो मासूम को कार पर पटका:धक्का देकर फ्रंट...

विधायक ने नहीं सुनी तो मासूम को कार पर पटका:धक्का देकर फ्रंट पर आए कांग्रेस विधायक; नरोत्तम की चेतावनी- मैं भूलने वाला नहीं

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। इमोशनल के बाद आक्रमक दिखे नरोत्तम मिश्रा
दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद भावुक नजर आए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा अब आक्रामक तेवरों में दिखे। भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान उन्होंने समर्थकों का हौसला बढ़ाया और पुलिस पर नाराजगी जताई। नरोत्तम मिश्रा ने टिकट कटने के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर गुस्सा जताया। उन्होंने एसपी को संबोधित करते हुए कहा, एसपी साहब, मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं। दोस्ती भी याद रखता हूं और दुश्मनी भी। उन्होंने कहा कि निर्दोष कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज करना और उनके साथ मारपीट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समर्थकों को भरोसा दिलाते हुए बोले- किसी की हिम्मत नहीं कि मेरे कार्यकर्ताओं का नुकसान कर दे। अगर नौबत आई तो मैं भी तुम्हारे साथ जेल जाऊंगा। मिश्रा ने टिकट कटने को लेकर कार्यकर्ताओं से कहा- क्या चल रहा था दिमाग में? आशुतोष ने टिकट काट दिया। उसकी क्षमता है टिकट काटने की? टिकट काटने वाले कोई और हैं। वहां तक जाने की तुम्हारी क्षमता नहीं है। वहां हमें बात करनी है, हम करेंगे। अब नरोत्तम मिश्रा के बदले हुए तेवरों को लेकर राजनीतिक गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है। कुछ लोग उन्हें लेकर कह रहे हैं – पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त। कांग्रेस विधायक ने अपने सीनियर्स को धकेला
भोपाल में कांग्रेस के मंच पर एक बार फिर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पार्टी के अनुशासन के दावों पर सवाल खड़े कर दिए। मामला कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा के समापन कार्यक्रम का है। जैसे ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मंच पर पहुंचे, कांग्रेस विधायक आतिफ अकील तेजी से उनकी ओर बढ़े। इस दौरान वे मंच पर मौजूद कई नेताओं को हटाते और धक्का देते नजर आए। वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा और सुखदेव पांसे भी उनके धक्के की जद में दिखाई दिए। दरअसल, मंच पर नेताओं की इतनी भीड़ थी कि वहां खड़े होने तक की जगह नहीं बची थी। हालत यह थी कि मंच पर जितने नेता मौजूद थे, लगभग उतने ही लोग नीचे कार्यक्रम सुनने के लिए दिखाई दे रहे थे। अब इस वीडियो पर लोग तंज कस रहे हैं कि कांग्रेस में ‘भाईचारा’ कुछ ज्यादा ही है। वैसे ‘सबका साथ, सबका विकास’ भले ही भाजपा का नारा हो, लेकिन मंच पर जगह बनाने की बात आए तो कांग्रेस नेता उसका पालन पूरे उत्साह से करते नजर आते हैं। भाजपा विधायक की जनसुनवाई में हंगामा
शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा से भाजपा विधायक रमेश खटीक की जनसुनवाई के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब पड़ोसी पोहरी विधानसभा क्षेत्र के कुछ लोग भी अपनी शिकायत लेकर उनके पास पहुंच गए। लोगों की बात सुनने के बजाय विधायक ने कहा- तुम्हारे विधायक दूसरे हैं, मैं करैरा का विधायक हूं। बस, इसी बात पर माहौल गर्मा गया। नाराजगी के बीच एक व्यक्ति ने गुस्से में अपने मासूम बच्चे को विधायक की कार के बोनट पर रख दिया। हालांकि, लोगों के समझाने पर उसने बच्चे को वहां से हटा लिया। दरअसल, विधायक अपनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। पोहरी विधानसभा के लोगों से उन्होंने साफ कह दिया कि वे गलत काउंटर पर आ गए हैं। उन्हें अपने विधायक के पास जाना चाहिए। अब इस पूरे घटनाक्रम पर लोग तंज कस रहे हैं कि जनता की परेशानी क्षेत्र देखकर नहीं आती, लेकिन समाधान के लिए उसे कभी नेता तो कभी अफसर के ‘सही काउंटर’ की तलाश में भटकना पड़ता है। और अब अंदर की बात..
छह महीने बाद भी पूरी नहीं हो सकी जांच
एमपी में भ्रष्टाचार के एक मामले की जांच के लिए बनाई गई कमेटी पर आम जनता के लाखों रुपये खर्च हो गए, लेकिन कमेटी 6 साल में अब तक जांच ही पूरी नहीं कर पाई है। दरअसल, तत्कालीन शिवराज सरकार ने इस बेहद चर्चित मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी। कमेटी का अध्यक्ष एक पूर्व जज को बनाया गया। अब रिटायर्ड जज साहब जिस मामले की जांच कर रहे हैं, उस मामले में कोर्ट से स्टे हो चुका है। जो अफसर आरोपी थे, उनमें से कुछ रिटायर हो गए हैं। पूर्व जज साहब राजधानी में नहीं, बल्कि यहां से 199 किमी दूर रहते हैं। वहां से पेशी के लिए सरकारी गाड़ी में आते हैं। सरकारी खर्च पर रुकते हैं। पेशी पर कोई आता नहीं। दिनभर राजधानी में रहने के बाद वापस लौट जाते हैं। रिटायर्ड जज साहब मप्र के पूर्व मुख्य सचिव के खास थे, इसलिए अभी भी सरकार उन पर मेहरबान है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), राधावल्लभ मिश्रा (दतिया), कपिल मिश्रा (शिवपुरी) ये भी पढ़ें –
भाजपा सांसद पर उड़ेल दिए 3 ट्रॉली फूल: नरोत्तम-विजयवर्गीय की मुलाकात ट्रोल, लोग बोले-दोनों के हाल एक जैसे दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुलाकात की। विजयवर्गीय ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी शेयर की। इसके बाद यह फोटो चर्चा का विषय बन गई और सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर तरह-तरह के कमेंट करने शुरू कर दिए। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here