पिपरिया-मटकुली मार्ग पर रविवार रात सड़क हादसा हो गया। किसी वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्टेशन रोड थाने के एसआई जीएस ठाकुर के अनुसार, मृतकों की पहचान डोकरीखेड़ा निवासी रामकुमार ठाकुर (40) और डापका निवासी धनराज (30) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में डोकरीखेड़ा निवासी विनोद (30) गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को 112 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सिर और पीठ पर गंभीर चोट होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पिपरिया से गांव लौटते समय हुआ हादसा घायल विनोद के पिता अखैराम ठाकुर ने बताया कि उनका बेटा और उनके दो दामाद (दोनों मृतक) बाइक से पिपरिया से अपने गांव डोकरीखेड़ा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घायल फिलहाल बयान देने की हालत में नहीं है।
