पाकिस्तान की ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट हिना बलोच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने दावा किया कि ‘पाकिस्तान में 80% लोग समलैंगिक और बाकी बाइसेक्शुअल हैं।’ यह बयान उन्होंने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। बलोच ने इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान में लोगों की असली सेक्सुअल पहचान अक्सर छिपी रहती है। उनके मुताबिक, यह एक ‘ओपन सीक्रेट’ है। लेकिन उन्होंने कहा कि समाज, धर्म और परिवार के दबाव की वजह से लोग अपनी पहचान छिपाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ‘पाकिस्तान में ट्रांसजेंडर समुदाय को अक्सर भीख मांगने, डांस या सेक्स वर्क जैसे सीमित कामों तक धकेल दिया जाता है।’ अपना निजी अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें बचपन में जेंडर एक्सप्रेशन को लेकर हिंसा और दबाव झेलना पड़ा। एक्टिविज्म के दौरान भी उन्हें हमलों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा और अब वे विदेश में रह रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पाकिस्तान अप्रैल में UAE का 3.5 अरब डॉलर कर्ज चुकाएगा, तीन किस्तों में भुगतान पाकिस्तान ने अप्रैल में UAE का 3.5 अरब डॉलर का कर्ज चुकाने का फैसला किया है। तय शेड्यूल के मुताबिक 11, 17 और 23 अप्रैल को अलग-अलग किस्तों में पूरा पैसा लौटाया जाएगा। ये फैसला ऐसे समय लिया गया है जब देश के विदेशी मुद्रा भंडार का बड़ा हिस्सा पहले ही दूसरे देशों की मदद पर टिका है। पाकिस्तानी सरकार कुछ कर्ज को निवेश में बदलने की कोशिश भी कर रही है, लेकिन अभी बातचीत जारी है। ये कर्ज पाकिस्तान को अलग-अलग समय पर मिला था। UAE ने 2018 में 2 अरब डॉलर का लोन दिया था, जिसे बार-बार बढ़ाया गया, जबकि 2023 में 1 अरब डॉलर और दिया गया था ताकि पाकिस्तान IMF की शर्तें पूरी कर सके। दरअसल, UAE ने हाल में कर्ज रोलओवर की नीति बदलकर शॉर्ट-टर्म एक्सटेंशन शुरू कर दिया है, जिससे पाकिस्तान पर जल्दी भुगतान का दबाव बढ़ा। अप्रैल में ही पाकिस्तान को कुल करीब 4.8 अरब डॉलर चुकाने हैं, जिसमें एक बड़ा बॉन्ड भी शामिल है। सरकार का कहना है कि हालात संभालने लायक हैं, लेकिन एक्सपोर्ट और विदेशी निवेश में गिरावट से मुश्किलें बनी हुई हैं। अफगानिस्तान में भूकंप से 8 लोगों की मौत, पाकिस्तान में भी तेज झटके महसूस हुए अफगानिस्तान के काबुल में शुक्रवार देर शाम भूकंप से 8 लोगों की मौत हो गई। 6.3 तीव्रता के इस भूकंप के झटके पाकिस्तान के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए, हालांकि वहां किसी नुकसान की खबर नहीं है। पाकिस्तान मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप रात 9:13 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था और गहराई जमीन से 190 किलोमीटर अंदर थी। भूकंप के झटके खैबर पख्तूनख्वा, इस्लामाबाद, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पंजाब के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए। इससे पहले अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ में 3 नवंबर 2025 को 6.3 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई थी। सैकड़ों लोग घायल हो गए थे। भूकंप से शहर की ऐतिहासिक ब्लू मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा था। यह मस्जिद मजार-ए-शरीफ का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है।
