भिंड जिले की लहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक अंबरीश शर्मा की माताजी अरुणा देवी का मंगलवार शाम निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, अरुणा देवी पिछले लगभग चार माह से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उपचार चल रहा था। स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने के बाद उन्हें कुछ समय से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। मंगलवार शाम उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। अरुणा देवी के निधन की सूचना मिलते ही विधायक समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों ने शोक व्यक्त किया। राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी उनके निधन पर संवेदना जताई है। कल होगा अंतिम संस्कार
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, अरुणा देवी का अंतिम संस्कार कल (बुधवार) उनके गृह ग्राम सिकरी जागीर में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है।
