रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोही ब्रिज के पास खुलेआम अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। मौके पर पहुंचे लोगों ने शराब की बिक्री का वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में मौजूद व्यक्ति ने दावा किया कि यह बिछिया स्थित शराब दुकान की शाखा है और ग्रामीणों की सुविधा के लिए यहां शराब बेची जा रही है। मामला ऐसे समय सामने आया है, जब रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत पूरे संभाग में ‘नशामुक्त अभियान 2.0’ चला रहे हैं। ऐसे में शहर के प्रवेश मार्ग पर कथित रूप से खुलेआम शराब बिक्री ने अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना झिझक शराब बेचने की बात करते रिकॉर्ड
सबसे हैरानी की बात यह रही कि दुकान पर मौजूद व्यक्ति कैमरे के सामने बिना किसी झिझक के शराब बेचने की बात करता दिखाई दिया। यदि यह दुकान अधिकृत नहीं है तो सवाल उठता है कि आबकारी विभाग के नियमों के विपरीत यह संचालन किसकी अनुमति से हो रहा था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासी राजेश सिंह ने कहा कि लोही ब्रिज के आसपास लंबे समय से खुलेआम शराब बेचे जाने की चर्चा है। शाम होते ही यहां लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अवैध रूप से शराब बेची जा रही है तो पुलिस और आबकारी विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग
वहीं स्थानीय निवासी रामकुमार पटेल ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और छात्र-छात्राएं गुजरते हैं। यदि बिना अनुमति के शराब बिक्री हो रही है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बिछिया थाना प्रभारी अंकित मिश्रा ने बताया कि मीडिया के माध्यम से उन्हें लोही ब्रिज के पास शराब बिक्री की सूचना मिली है। सूचना मिलने के बाद मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में अवैध रूप से शराब बिक्री या आबकारी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
