Homeछत्तीसगढ़रायपुर में बनेगी रियासत गैलरी, 14 राजघरानों का इतिहास दिखेगा:एक छत के...

रायपुर में बनेगी रियासत गैलरी, 14 राजघरानों का इतिहास दिखेगा:एक छत के नीचे शाही मुहरें, दरबार की परंपराएं, हथियार और दुर्लभ चीजें दिखेंगी

छत्तीसगढ़ के 14 पूर्व राजघरानों का इतिहास अब एक ही जगह देखने को मिलेगा। राज्य सरकार इन रियासतों की शाही परंपराओं, राजपरिवारों की वंशावलियों और दुर्लभ धरोहरों को सहेजने के लिए रायपुर के संस्कृति विभाग में ‘रियासत वीथिका’ बनाने जा रही है। इसमें छत्तीसगढ़ के राजघरानों के इतिहास को दो फ्लोर में प्रदर्शित किया जाएगा। गैलरी में राजाओं की जीवनशैली से लेकर दरबार की परंपराएं, शाही प्रतीक, पारंपरिक पोशाकें, प्राचीन हथियार, ऐतिहासिक सिक्के और पुराने दस्तावेज देखने को मिलेंगे। पर्यटन और संस्कृति विभाग ने इस परियोजना का खाका तैयार कर लिया है। पूर्व राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के साथ हुई परामर्श बैठक में इसका प्रेजेंटेशन दिया गया। विभाग ने राजपरिवारों से ऐतिहासिक सामग्री जुटाने, वंशावली की जानकारी देने और पारिवारिक इतिहास दर्ज कराने में सहयोग मांगा है। निजी महलों में बिखरी धरोहरें एक जगह आएंगी अभी छत्तीसगढ़ की रियासतों से जुड़ी कई ऐतिहासिक वस्तुएं निजी महलों, राजपरिवारों के पारिवारिक अभिलेखागार और क्षेत्रीय संग्रहालयों में रखी हुई हैं। इनके बारे में आम लोगों को बहुत कम जानकारी है। रियासत वीथिका के जरिए इन सभी धरोहरों को एक साझा मंच पर लाने की योजना है। इससे पर्यटकों के साथ इतिहास में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को भी एक जगह डिटेल में जानकारी मिल सकेगी। पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने बताया कि गैलरी में राजदरबार की व्यवस्था, शाही मुहरों, सिक्कों, हथियारों, पोशाकों और सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। इसके लिए विभाग एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगा। यह अधिकारी अलग-अलग राजपरिवारों के पास जाकर मौखिक इतिहास दर्ज करेंगे, पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन करेंगे और प्रदर्शित की जाने वाली ऐतिहासिक सामग्री का चयन करेंगे। महलों को हेरिटेज टूरिज्म से जोड़ने की तैयारी छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के अनुसार प्रदेश की रियासतों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, पुरातात्विक और धार्मिक पहचान को देशभर में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार का प्रयास केवल राजघरानों का इतिहास सहेजने तक सीमित नहीं है। ऐतिहासिक महलों को हेरिटेज टूरिज्म सर्किट और होमस्टे के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे प्रदेश में पर्यटन के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सकेगा। बैठक में इन राजपरिवारों के प्रतिनिधि हुए शामिल परामर्श बैठक में सारंगढ़ से डॉ. परिवेश मिश्रा और कुलिशा देवी, रायगढ़ से राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, सरगुजा से आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, कुमुदिनी देवी और विंधेश्वर सिंह देव शामिल हुए। वहीं कवर्धा से योगेश्वर राज सिंह और मैकलेश्वर सिंह, छुईखदान से गिरिराज किशोर दास, उदयपुर-धर्मजयगढ़ से जितेन्द्र नरसिंह राणा, खैरागढ़ से आर्यव्रत सिंह और शताक्षी सिंह तथा शक्ति से धर्मेंद्र सिंह ने भी हिस्सा लिया। सरकार की इस पहल से छत्तीसगढ़ की 14 रियासतों का इतिहास व्यवस्थित रूप से संरक्षित हो सकेगा। साथ ही आने वाली पीढ़ियां यह जान सकेंगी कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में राजघरानों की शासन व्यवस्था, संस्कृति और परंपराएं कैसी थीं। अब पढ़े रियासतों के इतिहास के बारे में बस्तर रियासत बस्तर रियासत में काकतीय राजवंश का शासन रहा। परंपरागत मान्यता के अनुसार 14वीं शताब्दी में अन्नमदेव ने बस्तर में काकतीय शासन की स्थापना की थी। वे वारंगल के काकतीय शासक प्रतापरुद्र द्वितीय से जुड़े थे। बस्तर की राजधानी पहले बस्तर क्षेत्र में थी, बाद में जगदलपुर को राजधानी बनाया गया। कांकेर रियासत कांकेर रियासत के राजपरिवार का संबंध सोमवंशी और बाद के स्थानीय राजवंशों से बताया जाता है। यह रियासत बस्तर और रायपुर के बीच महत्वपूर्ण भौगोलिक क्षेत्र में स्थित थी। नांदगांव रियासत महंत घासीदास को 1865 में अंग्रेजी शासन की ओर से सामंती शासक के रूप में मान्यता और सनद दी गई थी। इसके बाद नांदगांव एक महत्वपूर्ण देशी रियासत के रूप में स्थापित हुई। खैरागढ़ रियासत खैरागढ़ स्थित राजमहल आज इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के रूप में प्रसिद्ध है। वर्ष 1956 में स्थापित यह विश्वविद्यालय भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य, ललित कला और रंगमंच की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण संस्थान है। खैरागढ़ की सबसे बड़ी पहचान यही है कि राजमहल की ऐतिहासिक विरासत आज भी कला और शिक्षा के माध्यम से जीवित है। छुईखदान रियासत इस रियासत का इतिहास आसपास के ग्रामीण और कृषि प्रधान समाज से जुड़ा रहा है। यहां के शासकों के पास स्थानीय प्रशासन, राजस्व व्यवस्था और सामाजिक गतिविधियों की जिम्मेदारी थी। कवर्धा रियासत कवर्धा का राजमहल इस रियासत की शाही पहचान का प्रमुख प्रतीक है। इसके अलावा क्षेत्र में स्थित भोरमदेव मंदिर समूह छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रायगढ़ रियासत छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध रियासतों में शामिल थी। रायगढ़ आज भी कथक की विशिष्ट शैली और चक्रधर समारोह के कारण देशभर में पहचाना जाता है। सारंगढ़ रियासत सारंगढ़ में राजमहल और पुराने राजपरिवार से जुड़ी संपत्तियां आज भी इसके शाही अतीत की याद दिलाती हैं। यहां की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के लिए राजपरिवार के अभिलेख और मौखिक इतिहास महत्वपूर्ण स्रोत साबित हो सकते हैं। सक्ती रियासत सक्ती छत्तीसगढ़ की 14 देशी रियासतों में एक महत्वपूर्ण रियासत थी। सक्ती के शासकों का प्रभाव वर्तमान सक्ती और आसपास के क्षेत्रों में रहा। यहां की सामाजिक व्यवस्था कृषि, स्थानीय व्यापार और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित थी। सरगुजा रियासत इस रियासत के राजपरिवार का स्थानीय आदिवासी समाज, परंपराओं और धार्मिक आयोजनों से गहरा संबंध रहा है। यहां के शासकों ने क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भूमिका निभाई। उदयपुर रियासत वर्ष 1905 में यह रियासत बंगाल से सेंट्रल प्रोविंसेज में शामिल की गई थी। इसके राजपरिवार की वंशावली और पुराने दस्तावेज क्षेत्र के इतिहास को समझने में महत्वपूर्ण हैं। जशपुर रियासत वर्ष 1905 में जशपुर को बंगाल से सेंट्रल प्रोविंसेज में स्थानांतरित किया गया था। यहां की ऐतिहासिक विरासत में राजमहल, पुराने दस्तावेज और राजपरिवार की परंपराएं विशेष महत्व रखती हैं। कोरिया रियासत वर्ष 1905 में कोरिया रियासत को बंगाल से सेंट्रल प्रोविंसेज में शामिल किया गया। आज कोरिया क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान उसके पुराने राजपरिवार, राजमहल और रियासती शासन से जुड़ी परंपराओं में दिखाई देती है। चांगभखरार रियासत वर्ष 1905 में चांगभखार को बंगाल से सेंट्रल प्रोविंसेज में स्थानांतरित किया गया। इसकी ऐतिहासिक पहचान राजपरिवार की वंशावली, स्थानीय परंपराओं और पुराने प्रशासनिक दस्तावेजों में सुरक्षित है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here