मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। टिकट नहीं मिला तो कांग्रेस को हरवा देंगे
खंडवा जिले के मांधाता से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजनारायण सिंह पुरनी का एक पुराना वीडियो इन दिनों चर्चा में है। इसमें वे कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह को टिकट के लिए खुली चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। वे ये कहते सुनाई दे रहे हैं कि टिकट दे देना, नहीं तो कांग्रेस को हरवा देंगे। उनकी इस बात पर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाते भी सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनारायण सिंह खुद सफाई देने सामने आए। उन्होंने कहा कि यह वीडियो 2012-13 का है और इसमें कही गई बात हंसी-मजाक में कही गई थी। उनका आरोप है कि कुछ लोग साजिश के तहत इस वीडियो को बार-बार वायरल करते हैं। वैसे वीडियो पुराना जरूर है, लेकिन इसमें कही गई बात को भाजपा ने लपक लिया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस को हराने के लिए किसी दूसरी पार्टी की जरूरत नहीं है, कांग्रेस के नेता ही यह काम कर देते हैं। इसके बाद भी कांग्रेस वोट चोरी के आरोप लगाती है। खरी बात यह है कि कांग्रेस में आपसी खींचतान और गुटबाजी कोई नई बात नहीं है। पार्टी के नेता कई मौकों पर मंच से ही इसे स्वीकार कर चुके हैं। अब इस पुराने वीडियो ने एक बार फिर कांग्रेस की अंदरूनी कलह को चर्चा में ला दिया है। समस्या सुनते-सुनते ड्राय फ्रूट खाते रहे मंत्री जी
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर वैसे तो जनता की समस्याएं सुनने और उनका समाधान कराने पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान वे अपनी ऊर्जा बढ़ाने का इंतजाम भी करते रहे। मंत्री जी बीच-बीच में ड्राय फ्रूट का आनंद लेते नजर आए। उनके साथ आए भाजपा नेता भी सूखे मेवों का स्वाद लेते रहे। दूसरी ओर, सामने बैठे लोग तेज धूप में सूरज देवता की ऊर्जा से पसीना बहाते रहे। इसका वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अधिकारी और भाजपा नेता पाढुर्णा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में पहुंचे थे। यहां लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया गया। वैसे शिविर में जनता को समस्याओं के समाधान का भरोसा मिला, लेकिन चर्चा समस्याओं से ज्यादा मंत्री जी के ड्राय फ्रूट वाले अंदाज की होती रही। रील के लिए हाईवे पर कार से खतरनाक स्टंट
राजगढ़ में रील बनाने के चक्कर में एक युवक ने बीच हाईवे पर जानलेवा स्टंट किया और इसका वीडियो भी बनवाया। युवक ने कार का स्टीयरिंग मोड़कर गाड़ी स्टार्ट की और उसे बिना ड्राइवर के छोड़ दिया। इसके बाद कार हाईवे पर गोल-गोल घूमने लगी। इसी दौरान युवक कार की छत पर चढ़ गया। उसके हाथ में एक बोतल भी नजर आ रही है। कार के चारों गेट भी खुले हुए थे। इस खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे कार सहित थाने बुलाया। इसके बाद युवक अपनी इस हरकत के लिए माफी मांगता नजर आया। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ के एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को पोस्ट करते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर को टैग किया और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एमपी पुलिस हरकत में आई। रामलीला के मंच पर फिल्मी गाने पर डांस
ग्वालियर के डबरा के पिछोर कस्बे में रामलीला के मंच पर कुछ ऐसा हुआ कि देखकर लोग कह उठे… हे राम दरअसल, यहां भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन के बीच फिल्मी गाने पर डांसर को नचा दिया गया। मंच पर रामायण की मर्यादाओं का ध्यान रखने के बजाय फिल्मी मनोरंजन का तड़का लगा दिया गया। डांसर ने भी ‘मुझको राणा जी माफ करना…’ गाने पर ठुमके लगाए। अब रामलीला के मंच पर इस तरह के फिल्मी रंग को लेकर चर्चा हो रही है। और अब अंदर की बात.. ऐसी लापरवाही… तो सरकार की बदनामी हो जाती
एमपी में एक पुलिस अधिकारी फरार हैं। उनके खिलाफ रिश्वत लेने के आरोप में केस दर्ज हुआ था। कोर्ट से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। लेकिन अब इस मामले में गृह विभाग की बड़ी लापरवाही पता चली है। दरअसल, नियमानुसार पुलिस को इस अधिकारी के खिलाफ तय 45 दिन के भीतर कोर्ट में चालान पेश करना था। इसके लिए शासन की अनुमति जरूरी थी, लेकिन तय समयसीमा में यह अनुमति ही नहीं मिल सकी। जब यह मामला ‘सरकार’ के संज्ञान में आया तो उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही निर्देश दिए कि इस मामले में जिस भी स्तर पर लापरवाही हुई है, उसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई की जाए। चर्चा है कि यह चूक सचिव स्तर के एक अधिकारी से हुई है। अब इस पूरे मामले का दिलचस्प पहलू देखिए। अगर आरोपी पुलिस अधिकारी फरार नहीं होतीं, तो नियमों के मुताबिक तय समयसीमा में चालान पेश नहीं होने की स्थिति में उन्हें बहाल करना पड़ सकता था। यानी विभाग की इस लापरवाही से सरकार की किरकिरी हो सकती थी। इनपुट सहयोग – सावन राजपूत (खंडवा), काशीनाथ बाल पांडे (पांढुर्णा), मनीष सोनी (राजगढ़), सलिल श्रीवास्तव (डबरा) ये भी पढ़ें –
महाराज ने टोका, मोहन ने पलटकर चुटकी ली:माला रोककर विजयवर्गीय बोले- ये CM के लिए मंगाई होगी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने भाषण के बीच ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को टोक दिया। उनसे कहा- मोहन यादव जी, अपने कागज को एक मिनट के लिए नीचे रख दीजिए। दरअसल, सिंधिया भोपाल में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट को संबोधित कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें
